अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
नगर परिषद बोर्ड की बुधवार को हुई बैठक काफी हंगामेदार रही हालांकि इसके बावजूद बैठक में 24 सूत्रीय एजेंडा पास हो गया। परिषद ने शहर की कालोनियों के ऊपर से गुजर रही मौत की टेंशन बनी हाईटेंशन बिजली लाइनों को हटाने के लिए बिजली निगम को धनराशि देने का वादा भी कर लिया है। बैठक के बाद चेयरपर्सन ने दावा किया कि सभी मामलों का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हो गया। मगर चेयरपर्सन पद की उम्मीदवार रही वार्ड-15 की पार्षद मोनिका राठी और उनके समर्थक पार्षदों का कहना है कि एजेंडा पास होने पर सर्वसम्मति नहीं रही।
श्रेय लेने को लेकर लंबी चली बहस
चेयरपर्सन का कहना है कि हाईटेंशन लाइनें हटवाने के लिए नगर परिषद पूरा काम करेगी। नगर परिषद की सीमा का विस्तार करने का प्रस्ताव भी बैठक में पास हुआ है। चेयरपर्सन ने महिला पार्षदों के साथ अलग से बैठक कर उनकी समस्याएं भी दूर करने का वादा बैठक में किया। बैठक शुरू होते ही भाजपा विधायक नरेश कौशिक और कांग्रेस की चेयरपर्सन व पार्षदों के बीच टेंडर लगाने, विकास कार्यों का शिलान्यास करने और काम का श्रेय लेने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा विधायक नरेश कौशिक ने हाईटेंशन के मामले में पूर्व प्रधान रवि खत्री पर अपने कार्यकाल में हाईटेंशन लाइनें हटाने को लेकर पैसा मंजूर नहीं करने के आरोप लगाए। कुछ कार्यों के जायज व नाजायज होने को लेकर भी बहस हुई।
विधायक ने दिया सरकार से सहयोग आश्वासन
नगर परिषद की चेयरपर्सन शीला राठी ने सभी पार्षदों को साथ लेकर काम कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी 24 प्रस्ताव पास हो गए हैं। नगर परिषद एरिया में सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और कूड़ा डालने के स्थान निश्चित करने का फैसला भी हो गया है। बैठक में विशेष तौर पर मौजूद रहे भाजपा विधायक ने परिषद बोर्ड को विकास कार्यों में सहयोग देने का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि सारे प्रस्ताव मंजूर हो गए हैं और सरकार के स्तर पर शहर के विकास के लिए धन की कमी वह नहीं रहने देंगे।
सफाई व्यवस्था में होगा सुधार
परिषद की बैठक में पास हुए एजेंडे के मुताबिक, अब शहर के विभिन्न पार्कों में महिलाओं के लिए अलग से शेड, महिला शौचालय, नगर में कई सार्वजनिक स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय व मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी। स्वच्छता के लिए 20 छोटे और 20 बड़े कूड़ादान व 200 हाथ रेहड़ी, सफाई कर्मचारियों के लिए गर्म वर्दी, बमबूट, हेलमेट, मास्क और दस्ताने भी खरीदे जाएंगेे। खत्म हो चुका सफाई ठेका नए सिरे से देना तय किया गया।
आफिस में सुधरेंगे इंतजाम
चेयरपर्सन के अनुसार, परिषद कार्यालय में व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कई तरह की जरूरतें पूरी करने का फैसला मीटिंग में लिया गया। लेखा शाखा व अभियंता शाखा के लिए फर्नीचर, 4 कंप्यूटर सेट, केबिन, नेटवर्किंग, इंवर्टर और यूपीएस खरीदने, नगर परिषद कार्यालय में हारट्रोन द्वारा उपलब्ध कराई गई स्वान सुविधा को दोबारा चालू कराने और गृहकर शाखा के रिकार्ड को व्यवस्थित ढंग से रखने के लिए रैक खरीदने के प्रस्ताव पास हुए।
पार्कों में लगेंगे झूले
परिषद बोर्ड ने मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, शहर में एक चौक का नाम शहीद उधम सिंह के नाम पर रखने, नगर पार्षदों के निवास स्थान, कालोनियों व गलियों के साइन बोर्ड लगवाने और नजफगढ़ रोड पर हनुमान मंदिर के पास हाई मास्ट लाइट लगवाने का प्रस्ताव पास किया। नगर के सभी पार्कों में जरूरत के अनुसार झूले, बैंच, लाइट और मल्टीजिम की व्यवस्था करने के अलावा रिहायशी कालोनियों के ऊपर से गुजर रही 33 केवी व 11 केवी की हाइटेंशन लाइनों को शिफ्ट करने के लिए बिजली निगम को खर्च देना तय हुआ।
हमने नहीं दी सहमति : मोनिका
नप अध्यक्ष चुनाव में प्रत्याशी रही नगर पार्षद मोनिका राठी ने कुल 24 विषयों वाला तमाम एजेंडा सर्वसम्मति से पास होने के नप अध्यक्ष शीला राठी के दावे से अलग बात कही है। मीटिंग समाप्त होने के बाद उन्होंने कहा कि एजेंडा एक राय से पास नहीं हुआ। उनसे केवल मीटिंग में उपस्थिति के हस्ताक्षर कराए गए, किसी एजेंडे के पास होने पर नहीं। पार्षद रमन यादव ने भी यही बात कही।