झज्जर। दुजाना में ब्रिगेडियर रण सिंह राजकीय कॉलेज के नए भवन का काम जल्द शुरू हो जाएगा। इस भवन के निर्माण पर 19.38 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। सरकार ने दो दिन पहले हाईपावर वर्कर्स परचेज कमेटी की बैठक में कॉलेज के भवन निर्माण के लिए राशि को मंजूरी दी है। इससे पहले जनवरी में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने टेंडर भी लगाया था। अब राशि मंजूर होने के बाद इसका निर्माण का काम जल्द शुरू हो जाएगा। बिल्डिंग के निर्माण को वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद 21 माह में पूरा किया जाना है। भवन के निर्माण में प्रिंसिपल रूम, आर्ट, मेडिकल, नान मेडिकल व कामर्स विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग कमरों का निर्माण होगा। इसके अलावा लाइब्रेरी, लैब, हॉल, गर्ल्स कामन रूम, कैंटीन के लिए भी अलग-अलग कमरों का निर्माण किया जाएगा। कॉलेज निर्माण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों व स्टॉफ को राहत मिलेगी। 2022 में नए भवन निर्माण के लिए कॉलेज प्रशासन को अनुमति मिली थी। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को सरकार ने इसका एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए थे।
2022 में पुरानी बिल्डिंग की थी डैमेज
दुजाना में ब्रिगेडियर रण सिंह राजकीय कॉलेज 1969 से चल रहा है। 1989 में इस कॉलेज को सरकार ने अपने अधीन ले लिया था। उसके बाद इसका नाम राजकीय कॉलेज दुजाना रखा गया था। 1994 में फिर इसका नाम बदलकर ब्रिगेडियर रण सिंह राजकीय कॉलेज रख दिया गया था। तब से लेकर 2022 तक यह पुराने भवन में चल रहा था। 2022 में पुरानी बिल्डिंग को कंडम घोषित कर उसे डैमेज किया गया। उसके बाद मुख्यालय से नई बिल्डिंग की अनुमति मिली थी।
800 छात्र-छात्राएं ले रहे शिक्षा
दुजाना कॉलेज में फिलहाल 800 छात्र-छात्राएं शिक्षा ले रहे हैं। फिलहाल कॉलेज एक ब्लॉक में चल रहा है, जहां पर लाइब्रेरी, लैब, प्रिंसिपल रूम समेत अन्य कक्षा कमरे हैं। इसके अलावा आर्ट के लिए कुछ अन्य कमरे भी हैं, जहां उनकी कक्षाएं लगती हैं।