बहादुरगढ़ के लाइनपार थाना क्षेत्र में 7 जून को हुई युवक की हत्या के मामले में अब मृतक की मां को भी जान से मारने की धमकी मिली है। पत्थर में लपेट कर एक धमकी भरा खत घर भेजा गया है।
इस पर महिला ने अपने परिवार सहित घटना की शिकायत एसपी सुमित कुमार को दी है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेगी तथा आरोपियों को काबू किया जाएगा।
एसपी को दी शिकायत में लाइनपार निवासी महिला बाला ने बताया कि 7 जून को उसके बेटे अमित कुमार की हत्या उसी के बड़े भाई अशोक कुमार व भाभी मीनाक्षी तथा भाई के ससुर हवा सिंह ने मिलकर की थी।
इस मामले में पुलिस ने अशोक व मीनाक्षी को तो गिरफ्तार कर लिया है, मगर हवा सिंह आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बाला ने बताया कि पिछले 3-4 दिन से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल गली में चक्कर काट रही है।
बाइक पर सवार दो युवकों में से पीछे बैठने वाला युवक अपने मुंह को कपड़े से ढंके रहता है तथा बाइक चालक हेलमेट पहने रखता है। उन्हीं युवकों ने एक धमकी भरा पत्र पत्थर पर लपेट कर उनके घर फेंक दिया।
फेंका गया धमकी पत्र भी महिला ने एसपी को दिखाया। एसपी ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।