मातनहेल में एक रेस्टोरेंट चलाने वाले एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार को गांव की बणी में लटका मिला। मृतक मातनहेल का ही रहने वाला था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
गांव मातनहेल निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई जगपाल गांव में ही एक रेस्टोरेंट चलाता था। सोमवार सुबह वह रेस्टोरेंट पर जाने के लिए घर से निकला था।
मगर वह रेस्टोरेंट पर पहुंचा ही नहीं। इस बारे में पता चलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान परिजनों को सूचना मिली कि जगपाल का शव गांव की बणी में एक पेड़ से फंदे पर लटका हुआ है।
परिजन तुरंत वहां पहुंचे तथा घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना का मुआयना किया तथा सबूत जुटाए। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया है। जगपाल के परिवार के सदस्यों का कहना है कि वह परेशान नहीं था। कभी भी ऐसा नहीं लगा कि वह आत्महत्या कर लेगा।
परिजनों ने पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। साल्हावास थाना प्रभारी अशोक कुमार दहिया ने बताया कि जगपाल का शव पेड़ से लटका मिला है।
पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।