बादली। बुपनियां गांव की महिलाओं ने रविवार को गांव की गलियों में घूम-घूमकर पीने के लिए पानी मांगा। गांव के दलित मोहल्ले में पिछले एक सप्ताह से पानी की सप्लाई नहीं हो रही। जिसके चलते महिलाओं ने सिर पर मटके लेकर गांव की अन्य गलियों में घर-घर घूमकर पेयजल की मांग की। इस दौरान महिलाओं ने संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी भी जाहिर की।
जल जीवन मिशन समिति के सदस्यों और ग्रामीण बलजीत, मनजीत, अनूप, पवन, जसबीर, रामकिशन, सुनील, अनीता, भीम, शीला देवी, फूलवती, जगवंती, बिमला, रानी और संतोष ने बताया कि दलित मोहल्ले में पिछले एक सप्ताह से पानी की सप्लाई नहीं हो रही। ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर जहां तापमान बढ़ रहा है वहीं दूसरी ओर पानी की सप्लाई में कटौती होने से परेशानी बढ़ गई है। घरों में पीने के लिए भी पानी नहीं है जबकि कपड़े और बर्तन धोने के लिए उन्हें खारे पानी का प्रयोग करना पड़ रहा है। हालात ये हो गए हैं कि गर्मी के दिनों में पानी से होने वाले जरूरी काम भी नहीं हो पा रहे।
मोहल्ले से सौतला व्यवहार
ग्रामीण सोनिया, मोनिका, मौजी, संजय और हवा सिंह का कहना है कि विभाग की ओर से उनके मोहल्ले के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। एक सप्ताह से पानी नहीं आना इसका बड़ा प्रमाण है, जबकि गांव के अन्य हिस्सों में पानी की सप्लाई जारी है। ऐसे में संबंधित विभाग उनके साथ भेदभावपूर्ण नीति अपना रहा है। बार-बार विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया जा चुका है लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। समस्या के लेकर विभाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई गई है।
रू-अर्बन योजना में भी मोहल्ला पिछड़ा
गांव में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रू-अर्बन योजना के तहत पानी की नई पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है। पूरे गांव में लाइन बिछाई है लेकिन उनके मोहल्ले में केवल पाइप डाले गए है। उन्हें दबाने का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने पानी की लाइन बिछाने के लिए भी कई बार अधिकारियों से संपर्क किया है, लेकिन काम हो नहीं रहा है।
बिजली सप्लाई नहीं होने से बनी पेयजल समस्या
जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता अनिल गर्ग का कहना है कि गांव के सभी मोहल्लों में समान तौर पर पानी की सप्लाई की जा रही है। इसके बाद भी मौसम खराब होने और आंधी चलने से बिजली सप्लाई नहीं होती जिससे कुछ हिस्सों में पानी सप्लाई बाधित हो जाती है। रू-अर्बन योजना के तहत गांव में 5 हजार मीटर पाइप लाइन दबाई जा रही है जिसमें तीन हजार मीटर का कार्य पूरा हो चुका है जबकि शेष दो हजार मीटर पाइप लाइन का कार्य भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।