अपने भाई को राखी बांधकर अपनी ससुराल वापस जा रही एक महिला का अपहरण कर लिया गया। परिजनों ने महिला के पूर्व पति पर शक जताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव दुल्हेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों की शादी एक साथ की थी। शादी के बाद उसकी एक बेटी का मौत ससुराल में हो गई थी। इसके बाद उसकी दूसरी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी थी।
उसकी शादीशुदा बेटी काफी लंबे समय से उनके पास ही रह रही थी। कुछ माह पहले ही कानूनन तलाक किए बगैर सोनीपत निवासी सोनू के साथ उसने प्रेम विवाह कर लिया था। पुलिस को दी शिकायत में बताया गया है सोनू अपनी पत्नी के साथ रक्षाबंधन से एक दिन पहले अपनी ससुराल में आया था।
अपने भाई को राखी बांधने के बाद रविवार को सोनू अपनी पत्नी के साथ अपने घर जाने के लिए निकल पड़ा। बहादुरगढ़ में झज्जर रोड स्थित सब्जी मंडी के पास बाइक पहुंची तो पीछे से स्कार्पियों गाड़ी में सवार कुछ व्यक्तियों ने उसकी बाइक आगे गाड़ी अड़ाकर रुकवा ली। इसके बाद उसकी पत्नी को जबरदस्ती उठाकर ले गए।
सोनू ने अपनी ससुराल दुल्हेड़ा में इस घटना के बारे में बताया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई। कार्यवाहक थाना शहर प्रभारी ओमबीर शर्मा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।