झज्जर। जिले के गांव सुरहेती के बस अड्डे पर हरियाणा रोडवेज बस चालक की कथित लापरवाही के चलते बस से गिरकर घायल हुई एक महिला की पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सुरहेती निवासी प्रेम ने बताया कि 26 जून को वह अपनी पत्नी राजवंती के साथ खरीदारी के लिए झज्जर शहर गए थे। शाम को दोनों हरियाणा रोडवेज की बस से अपने गांव लौट रहे थे। जब बस सुरहेती बस अड्डे पर पहुंची तो उनकी पत्नी बस से उतरने के लिए सीढ़ियों पर खड़ी थी।
आरोप है कि इसी दौरान बस चालक ने बिना यात्रियों के पूरी तरह उतरने का इंतजार किए अचानक बस चला दी जिससे राजवंती संतुलन खोकर बस से नीचे गिर गई। हादसे में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। शिकायतकर्ता ने बताया कि चालक ने बस कुछ दूरी पर रोककर उन्हें नीचे उतार दिया और वहां से चला गया।
इस बीच राहगीरों ने घायल महिला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बाद में परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने राजवंती को मृत घोषित कर दिया।
प्रेम ने अपनी शिकायत में पत्नी की मौत के लिए हरियाणा रोडवेज बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सदर झज्जर में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।