-फोटो 51 : नूना माजरा गांव में सड़क पर जमा गंदा पानी व उसमें से निकलती बस। संवाद
बहादुरगढ़। झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर स्थित नूना माजरा गांव में प्रवेश करते ही आगंतुकों का स्वागत यहां पर बना कीचड़ करता है।
बिन बरसात के ही सड़क पर एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा रहता है। पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क बनवाने के साथ-साथ पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।
नूना माजरा गांव के निवासी जयभगवान, सुमेर सिंह, विवेक कुमार, नरेश शर्मा ने कहा कि गांव की मुख्य सड़कों पर पानी की निकासी न होने के कारण पानी जमा हो रहा है। इस सड़क पर जमा पानी के बीच से निकलने में न केवल वाहन चालकों को बल्कि पैदल राहगीरों को भी समस्या होती है।
कई बार यहां छोटे वाहन फंस जाते हैं और वाहनों में खराबी आ जाती है। यह पानी बरसात का नहीं है बल्कि गांव में घरों से निकला हुआ है। गांव में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण यह पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गांव में सड़क पर भरे इस गंदे पानी से निजात दिलाई जाए, ताकि इसमें मक्खी-मच्छर न पनपे और बीमारियां भी न फैलें।