-फोटो 61 : बहादुरगढ़ की अनाजमंडी में फड़ पर गेहूं की ढेरी। संवाद
बहादुरगढ़। गेहूं की आवक बढ़ने के साथ ही मंडी में सरकारी खरीद भी जोरों से हो रही है। बहादुरगढ़ अनाज मंडी व आसौदा खरीद केंद्र पर खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से गेहूं खरीदा जा रहा है। वीरवार को मार्केट कमेटी की ओर से दोनों केंद्रों पर 87 गेट पास काटे गए। इनमें से 8 गेट पास बहादुरगढ़ मंडी और 79 गेटपास आसौदा खरीद केंद्र के लिए काटे गए। कुल मिलाकर अब तक 382 गेटपास कटे हैं। जबकि 23 हजार 449 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। अभी उठान बेहद धीमा है।
बहादुरगढ़ अनाज मंडी में वीरवार को गेहूं की कुल आवक 430 क्विंटल हुई। इसमें से 167 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। वहीं आसौदा खरीद केंद्र पर गेहूं की आवक ज्यादा रही। यहां 5 हजार 698 क्विंटल गेहूं किसान बिक्री के लिए लेकर आए। इसमें से 4 हजार 333 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। बहादुरगढ़ में अब तक 2 हजार 937 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। जबकि आसौदा खरीद केंद्र पर लगभग 7 गुना ज्यादा गेहू यानी 20 हजार 511 क्विंटल खरीदा गया है। बहादुरगढ़ अनाज मंडी में भले ही गेहूं की आवक कम हो, लेकिन यहां खरीदे गए गेहूं उठान का कार्य आसौदा खरीद केंद्र से ज्यादा रहा है। अब तक कुल 25 प्रतिशत गेहूं का उठान बहादुरगढ़ मंडी में हो चुका है। जबकि आसौदा खरीद केंद्र पर उठान की बजाय खरीद जोरों पर है। यहां पर अब तक कुल 2 फीसद गेहूं का उठान हुआ है। दोनों स्थानों पर अब तक 27 फीसद गेहूं गोदाम में भिजवाया गया है। बता दें कि अभी जिन किसानों ने गेहूं की बिजाई पहले कर दी थी। वे अपनी फसल काटकर मंडी में बेचने के लिए लेकर आ रहे हैं, लेकिन जिन किसानों के गेहूं पिछैती हैं उनके खेतों में अभी फसल की कटाई और कढ़ाई होनी बाकी है। ऐसे में सप्ताह भर में मंडी में गेहूं खरीद का कार्य जोर पकड़ेगा।
आसौदा और बहादुरगढ़ में गेहूं की खरीद खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा की जा रही है। आसौदा खरीद केंद्र में गेहूं की मात्रा ज्यादा है। उठान कार्य भी हो रहा है। किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।द्ध
-अंजू दलाल, सचिव, मार्केट कमेटी बहादुरगढ़।
-फोटो 61 : बहादुरगढ़ की अनाजमंडी में फड़ पर गेहूं की ढेरी। संवाद
-