झज्जर। तेरा दर्शन पाने हम भी आए हैं,श्रद्धा के फूल चढ़ाने हम भी आए हैं, मां के भजन गाते हुए श्रद्धालु माता भीमेश्वरी देवी के दर्शनों के लिए महिला कीर्तन मंडली बेरी के लिए रवाना हुए। माता के दरबार में पहुंचकर सभी ने मां भीमेश्वरी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर पार्षद सुषमा तिलकराज गोसाई की अगुवाई में मंदिर बाबा कांशीगिरि महिला कीर्तन मंडली के साथ माता भीमेश्वरी देवी के दरबार में पहुंची। मां भीमेश्वरी देवी के दर्शन कर सर्वमंगल की प्रार्थना की। सिद्ध बाबा कांशीगिरि मंदिर से महिला सेवा समिति की सदस्यों ने बेरी मंदिर के प्रांगण में कीर्तन कर माता के भजनों से गुणगान किया। इस अवसर पर महिला मंडली की प्रधान इंदु भूगडा, तुशू-शशी खत्री, किरण अरोड़ा, संगीता वर्मा, पूनम छाबड़ा, वंशिका, गोसाई, तमन्ना, नव्या गोसाई, सुषमा गोसाई ने भजन सुनाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया।