झज्जर। शहर के बाजारों की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारी नप चेयरमैन से मिले। तय हुआ कि कोई भी दुकानदार दुकान से दो फिट से आगे सामान नहीं रखेगा। गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वालों को बाजार में दौरा करके दो दिन तक समझाया जाएगा। इसके बाद भी ये नहीं माने तो चालान होगा।
शहर के बाजार व अन्य स्थानों की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी से मिला। अध्यक्ष राकेश अरोड़ा ने मांग की कि शहर के बाजार से शाम के समय ट्रैक्टर भेजा जाए ताकि दुकानों से शाम से निकलने वाली गंदगी को उठवाया जा सके। इस पर प्रधान से तुरंत सेनेटरी इंस्पेक्टर को बुलाकर शाम को प्रतिदिन दिल्ली गेट से आंबेडकर चौक और बाकी बाजारों में ट्रैक्टर भेजकर कूड़ा उठवाने के निर्देश दिए। यह काम बुधवार से शुरू हो जाएगा। चेयरमैन ने व्यापारियों से अपील की कि वह दुकानों की निकली गंदगी को कूड़ादान में डाले और जैसे ही वाहन आता है तो उसमें डाला जाए। व्यापारियों ने मांग की कि नेताजी सुभाष चौक पर नाली में बहता गंदा पानी ठीक कराया जाए। व्यापारियों ने आंबेडकर चौक पर टाउन पार्क में बंद शौचालय और पोस्ट ऑफिस के शौचालय की साफ सफाई शुरू कराने, पोस्ट ऑफिस चौक पर पीने के पानी के कूलर को हटाकर मेन बाजार में लगवाने, नालों की सफाई कराने, पुराना बस स्टैंड के सामने बालाजी मार्केट में एक मिट्टी की सड़क को भी सीमेंट की कराने की मांग की। इस पर चेयरमैन ने जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।सबसे ज्यादा दिक्कत चौपटा बाजार, आंबेडकर चौक, डायमंड चौक, सदर थाना के आसपास है,
वर्जन
व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल आज उनसे मिला था। कई मांग उन द्वारा रखी गई है, जिनका जल्द समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की है।वह खुद जल्द बाजार का दौरा कर सभी व्यापारियों से बातचीत करेंगे। अतिक्रमण करने वाले व गंदगी फैलाने वालों को दो दिन तक समझाया जाएगा और जो नहीं मानेगा तो उसका चालान भी किया जाएगा।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर