बहादुरगढ़। एचएल सिटी पुलिस नाके पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड को टक्कर मारने की वारदात पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में आरोपी गाड़ी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसकी कार के डेश बोर्ड पर एक खिलौनानुमा हथियार (पिस्तौल) रखा था। इससे बचने के लिए वह पुलिस को नाका पर टक्कर मारकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी की कार को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत भेज दिया है।
नेशनल हाइवे-9 बहादुरगढ़ बाईपास स्थित एचएल सिटी चौकी पर पुलिस ने 25 नवंबर की शाम को चौकी के पास नाका लगाया था। एएसआई राजीव टीम सहित वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रोहतक की ओर से एक लाल रंग की स्विफ्ट कार आई। पुलिस के इशारा करने पर चालक ने एक बार तो गाड़ी रोकी, लेकिन फिर स्पीड़ बढ़ा दी। इस दौरान एएसआई राजीव ने जैस-तैसे कूदकर जान बचाई, लेकिन होमगार्ड जितेंद्र कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाक्रम के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायल को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अभी हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में आरोपी चालक के खिलाफ सदर थाना में केस दर्ज हुआ है।
पुलिस ने शहर में खंगाले 100 से अधिक कैमरे
मामले में जांच शुरू हुई और पुलिस ने शहर भर में 100 से अधिक कैमरे खंगाले। जांच में पुलिस एक सर्विस स्टेशन तक पहुंची, यहां आरोपी अपनी गाड़ी धुलवाने लाया था। सर्विस स्टेशन के कर्मचारियों से पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी का खुलासा हो गया। पुलिस ने केलजे हाइट्स सोसाइटी से आरोपी को काबू कर लिया।
बीकॉम अंतिम वर्ष का छात्र है आरोपी
आरोपी की पहचान करीब 22 वर्षीय संस्कार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है। यहां केएलजे में परिवार सहित रहता है। बीकॉम अंतिम वर्ष का छात्र है। मंगलवार को सदर थाना में इस सिलसिले में पत्रकार वार्ता हुई। डीएसपी धर्मवीर सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि 25 नवंबर की शाम को नाके पर तैनात कर्मचारियों को एक कार चालक ने टक्कर मार दी थी। आरोपी को काबू कर लिया है। इसकी गाड़ी में खिलौनानुमा हथियार था। इस वजह से बचने के लिए गाड़ी से पुलिस कर्मचारियों व गार्ड को टक्कर मारी थी। ये भी सामने आया है कि आरोपी की कार के पहले कई चालान हुए हैं। संभवत वह इसी खुन्नस में भी था। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।