लाइनपार के सुुभाष नगर में हुई महिला की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। अहम के चलते पति सुनील ने बेहद ही शातिराना ढंग से संगीता को मौत के घाट उतारा। पहले क्लोरोफार्म सुंघाकर बेहोश किया और तकिए से मुंह दबाकर मौत की नींद सुला दिया। लाइनपार थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसे पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
दरअसल, लाइनपार के सुभाष नगर की निवासी 32 वर्षीय संगीता की शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या हो गई थी। उसके पति ने पुलिस को बताया कि घर में चोरी करने के बाद चोरों ने संगीता को मौत के घाट उतारा। बाद में संगीता के पिता ने भी चोरी के दौरान हत्या किए जाने के बयान दिए थे। हालात को देखते हुए पुलिस को शुरू से ही मृतक संगीता के पति सुनील पर शक था। रविवार को पुलिस ने लाइनपार के 22 फुट रोड से सुनील को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ की तो उसने वारदात कुबूल कर ली। सोमवार को आरोपी सुनील को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। इस रिमांड अवधि में पुलिस आरोपी मामले में अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी।
इस वजह से की गई संगीता की हत्या
लाइनपार थाने में सोमवार को हुई प्रेेस वार्ता में डीएसपी राहुल देव ने बताया कि संगीता और सुनील के बीच कोई बड़ा विवाद नहीं था। मामला सिर्फ अहम का था। सुनील को लगता था कि संगीता अपने मायके में उसकी बुराई करती है। कुछ दिनों पहले घर से कुछ ज्वैलरी गायब हुई थी। उसको यह भी शक था कि संगीता ने ज्वैलरी मायके पहुंचाई है। हाल ही में संगीता की उसकी मां के साथ फोन पर हुई बात की रिकार्डिंग भी सुनील ने सुन ली थी। इस बातचीत में सुनील का ही जिक्र था। रिकॉर्डिंग सुनने के बाद सुनील ने संगीता को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
हत्या के लिए ऑनलाइन खरीदा क्लोरोफार्म
एमबीए की पढ़ाई कर चुका सुनील बेहद ही शातिर है। अपनी पत्नी को ठिकाने लगाने के लिए सुनील ने किसी शस्त्र का नहीं बल्कि क्लोरोफार्म केमिकल का इस्तेमाल किया। क्लोरोफार्म का इस्तेमाल ऑपरेशन थिएटर में पेशेंट को बेहोश करने के लिए किया जाता है। मार्केट में यह बैन है। चोरी छिपे ही इसकी बिक्री होती है। सुनील ने पहले यू-ट्यूब एवं ऑनलाइन क्लोरोफार्म के बारे में जानकारी ली। यू-ट्यूब के कमेंट बाक्स में दिए गए नंबर पर फोन करके मंगवाया, इसके बाद एक वेबसाइट से 100 एमएल की शीशी ऑनलाइन मंगवाई।
बेहद ही शातिर है सुनील
सुनील इतना शातिर है कि उसने अपनी तरफ से कोई सुबूत नहीं छोड़ा। यहां तक कि क्लोरोफार्म खरीदने से लेकर हत्या तक कहीं भी अपने मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया। क्लोरोफार्म की शीशी भी गुरुग्राम स्थित अपनी कंपनी में मंगवाई। दरअसल, सुनील गुरुग्राम की एक बड़ी कंपनी में काम करता है। इस कंपनी में मोबाइल पार्ट्स बनाए जाते हैं। सुनील गुरुग्राम में ही किराये पर रहता था। अमूमन शुक्रवार को घर आता और सोमवार को चला जाता था। इस दफा वह पूरे हफ्ते बहादुरगढ़ में अपने घर पर ही था। शुक्रवार को सोने से पहले अपने बच्चों के साथ खाना खाया, खेला। संगीता को भी अपने विश्वास में ले रखा था। संगीता को तो मालूम भी नहीं था कि बच्चों के साथ हंस-खेल रहा सुनील कुछ घंटों बाद उसकी जान ले लेगा।
हत्या करने के बाद दिखाई चोरी
जैसे ही संगीता की आंख लगी, सुनील ने उसे रुमाल के जरिये क्लोरोफार्म सुंघा दिया। जब वह बेहोश हो गई तो उसका तकिए से मुंह दबा दिया। क्लोरोफार्म की मात्रा ज्यादा होने के कारण साथ सो रही उसकी बच्ची की भी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने शनिवार की सुबह घर में कपड़े एवं अन्य सामान बिखेर दिया। संगीता के मायके पक्ष एवं पुलिस तक यह सूचना पहुंचाई की चोरों ने वारदात के बाद संगीता की हत्या कर दी। बच्ची को भी अस्पताल में एडमिट कराया।
कंपनी तक भी पहुंचेगी पुलिस
क्लोरोफार्म की बिक्री पर बैन है। सुनील ने क्लोरोफार्म जिस कंपनी से मंगवाया है, पुलिस उस तक पहुंचने का भी प्रयास कर रही है। जिस साइट से आर्डर किया गया और डिलिवरी ब्वॉय ने किस नंबर का इस्तेमाल किया, ये भी पुलिस पता लगा रही है।
बच्चियों से छिनी मां की ममता
सुनील तीन बहनों में इकलौता भाई है। उसके पिता का देहांत हो चुका था। चूंकि संगीता की उसकी मां से नहीं बनती थी तो उसकी मां भी जींद में अपनी बेटी के पास रह रही थी। सुनील को संगीता से तीन बेटियां हुईं। एक बेटी की वर्षों पहले मौत हो चुकी थी। फिलहाल दो बेटियां हैं। बेटे की चाह और मां से विवाद की वजह भी कहीं न कहीं रही होगी। इस वारदात से दो मासूम बच्चियों से मां की ममता छिन गई।
एक दिन के रिमांड पर
लाइनपार थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि संगीता की मौत के मामले में उसके पति सुनील पर शक था। उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हत्या की वारदात कुबूल कर ली है। फिलहाल उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस रिमांड अवधि में उससे मामले में अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।