बहादुरगढ़। इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या के बाद परिवार को धमकी भरे फोन कॉल करने वाले आरोपी को थाना शहर पुलिस ने 700 किलोमीटर दूर राजस्थान के बालोतरा इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि यूट्यूब पर नफे सिंह हत्याकांड की खबरे देखी तो उसने सोशल मीडिया से परिवार के फोन नंबर निकाले और फोन कॉल किए थे।
दो दिन पहले वीरवार को स्व. नफे सिंह राठी के पुत्र जितेंद्र और भूपेंद्र राठी के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे फोन आए थे। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो आरोपी राजस्थान के गांव पटाऊपुर, जिला बालोतरा का रहने वाला दिलीप सिंह (29) निकला। पुलिस टीम उसे बालोतरा के पचपदरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करके शनिवार की सुबह बहादुरगढ़ लेकर पहुंची। वह बालोतरा में ही किसी कपड़े की कंपनी में काम करता है। आरोपी ने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। परिवार में माता-पिता व दो बहनें हैं। दोनों बहनें शादीशुदा हैं। आरोपी के पिता भी कपड़ा कंपनी में काम करते हैं।
पुलिस कराएगी आरोपी का मेडिकल चेकअप
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी दिलीप मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। इस बारे में पुलिस डॉक्टरों से संपर्क करेगी और उसका मेडिकल चेकअप कराया जाएगा, ताकि पता चल सके कि वह मानसिक रूप से परेशान है या नहीं। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है।
आरोपी से इन सवालों के जवाब जानेगी पुलिस
नफे सिंह परिवार को धमकी देने वाले आरोपी से पुलिस कई सवाल-जवाब करेगी। पुलिस ने आरोपी से मोबाइल बरामद कर लिया है। उसी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई है। उसकी नफे सिंह परिवार से कोई रंजिश है या किसी के कहने पर यह सब किया। इतनी दूर आखिर कौन बैठा है, जिसने उसके जरिये यह करवाया। पुलिस मान रही है कि जैसे प्लानिंग के साथ हत्या की, वैसे ही प्लनिंग के साथ यह धमकी भरा फोन भी किया या करवाया गया। इन सवालों पर पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी।
-स्व. नफे सिंह के बेटों जितेंद्र और भूपेंद्र के मोबाइल पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को राजस्थान के बालोतरा से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पता चला है कि आरोपी गैंगस्टरों को सोशल मीडिया पर फॉलो करता था, लेकिन अभी उसका किसी गैंग या हत्या की वारदात से डायरेक्ट लिंक नहीं मिला है। आरोपी मानसिक रूप से परेशान सा लगता है। डॉक्टरों से भी रिपोर्ट ली जाएगी।
-डॉ. अर्पित जैन, एसपी, झज्जर।