बेरी। जहाजगढ़-छुछकवास मार्ग पर शुक्रवार रात को आई तेज आंधी के कारण गेहूं के खेतों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने से कई किसानों के करीब 15 से 20 एकड़ गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई।
आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने दमकल विभाग को दी। जब तक दमकल विभाग की गाड़ी पहुुंची, उससे पहले ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग भयंकर रूप से फैल चुकी थी। तेज हवा होने के कारण गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। गेहूं की फसल में आग लगने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जहाजगढ़-छुछकवास मार्ग पर रात 9 बजे जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। जाम व धरने की सूचना मिलने के बाद बेरी थाना प्रभारी सोमबीर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। ग्रामीणों इस बात पर अड़े हुए थे कि मौके पर डीसी पहुंचे और उसके बाद जाम खोला जाएगा।
रात भर जाम लगने के बाद सुबह करीब 9 बजे बेरी तहसीलदार सृष्टि मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जिन भी किसानों की आग से गेहूं की फसल जली है, उनका सर्वे कर रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज कर मुआवजा दिलवाया जाएगा। उसके बाद किसान जाम खोलने को तैयार हुए। सूचना पाकर सर्वजातीय कादियान खाप के प्रधान व नगर पालिका बेरी के चेयरमैन देवेंद्र उर्फ बिल्लू पहलवान भी किसानों के धरने पर पहुंचे और किसानों को आश्वासन दिया कि इसका सर्वे कराकर मुआवजा दिलवाया जाएगा।
लेट पहुंची दमकल की गाड़ी, पुलिस से उलझे लोग
देर रात आग काफी भयंकर रूप ले चुकी थी। इसकी सूचना ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी लगभग दो घंटे की देरी से पहुंची। इस दौरान आग लगने के एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों से फायर ब्रिगेड की गाड़ी न आने को लेकर उलझ गए। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को शांत करवाया।
इन किसानों की हुआ नुकसान
गांव जहाजगढ़ निवासी इंद्रजीत पुत्र रिसाल की चार एकड़ गेहूं की फसल जल गई। करीब 7 एकड़ शक्ति पुत्र सुरेंद्र की गेहूं की फसल जल गई। सुनील की एक एकड़, महेंद्र की एक एकड़ गेहूं की फसल व फानों में आग लग गई।
ट्रैक्टरों से आग बुझाने का प्रयास
गेहूं की फसल में लगी भीषण आग को देखकर गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। फसल में लगी आग पर काबू पाने के लिए गांव से किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और फसल को बचाने व आग को और बढ़ने से रोकने के लिए ट्रैक्टरों की मदद से खेत को जोतने लगे। इससे ज्यादा लाभ नहीं हुआ। फसल में लगी आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कई एकड़ फसल जलकर राख हो गई और तेज गति से आग बढ़ने लगी। वहीं खेतों के पास बने एक मकान को ग्रामीणों ने खाली करवाया और घर से लोगों को बाहर बुलाया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। आग घर के तीन तरफ फसल में लगी हुई थी। वहीं ग्रामीणों ने घर के अंदर पीछे खिड़की के पास से तब तक पानी डाला, जब तक आग बुझ न गई।
शुक्रवार शाम को तेज हवा और आंधी आने से गांव जहाजगढ़ में किसानों की गेहूं की फसल जलने की सूचना मिली थी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया था। ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जिन भी किसानों की आग से गेहूं की फसल जली है, उनका सर्वे कर रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज कर मुआवजा दिलवाया जाएगा।
- सृष्टि, तहसीलदार बेरी।
गांव जहाजगढ़-छुछकवास मार्ग खेतों में लगी आग की जांच की जा रही है कि आग किन कारणों से लगी है। खेतों से ऊपर से गुजर रही तारों को ठीक करवा दिया जाएगा।
- सुनील कुमार, एसडीओ, बिजली निगम बेरी