बेरी। छूछकवास चौकी के अंतर्गत आने वाले गांव सफीपुर में गांव के ही एक जोहड़ से एक बुजुर्ग का शव मिला। पुलिस को जिस बुजुर्ग का शव सफीपुर गांव के जोहड़ से मिला है उसकी पहचान गांव छऊवा जिला रेवाड़ी निवासी मुंशीराम पुत्र मोहर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस की माने तो मृतक मुंशी अपने गांव से ही एक बारात में गांव सफीपुर आया था। यहां देर शाम वह शौच आदि से निवृत्त होने के लिए गांव के ही बाहरी क्षेत्र में गया था। वहां पर जोहड़ के किनारे उसका पैर फिसल गया और डूब गया। पुलिस को घटनास्थल के कुछ दूरी पर शराब की एक खाली बोतल भी पड़ी हुई मिली है। इसलिए अंदाजा यह भी लगाया जा रहा है कि शायद मुंशीराम ने शराब पी रखी थी और उसी दौरान ही नशे की हालत में उसका पांव फिसल गया और वह जोहड़ में जा डूबा।
बीती देर शाम ही मुंशीराम के शादी से गायब होने की सूचना उसके साथ आए लोगों को मिल गई थी। लेकिन उस समय अंदाजा यहीं लगाया गया था कि शायद अपने गांव वापिस लौट गया है। लेकिन जब रविवार को सुबह ग्रामीणों ने गांव के जोहड़ में एक शव तैरता हुआ देखा तो उसके बाद ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शव के निकाले जाने के बाद ही उसकी पहचान हो पाई। बाद में पुलिस ने इस घटना की सूचना मुंशीराम के परिजनों को दी। रविवार को ही मुंशीराम के शव का नागरिक अस्पताल झज्जर में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
वर्जन
शनिवार को गांव सफीपुर में बारात में आया बुजुर्ग पैर फिसल जाने से जोहड़ गिर गया। इससे बुजुर्ग की मौत हो गई। झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में 174 की कार्रवाई की गई है। - पवन कुमार चौकी इंचार्ज छूछकवास