झज्जर। शुक्रवार की शाम के समय आई आंधी के कारण बहु झोलरी की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई थी। वहीं झज्जर क्षेत्र में शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई है।
आंधी के कारण क्षेत्र में कई खंभे टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। आंधी बंद होने के बाद निगम के कर्मचारी लाइनों को ठीक करने में जुट गए थे। क्षेत्र की बिजली आपूर्ति की लाइनों को करीब चार घंटे में दुरुस्त किया गया। बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की वजह से कई इलाकों में एक के बाद एक फाल्ट की शिकायत बिजली निगम के कंट्रोल रूम में आने लगी। आंधी रुकने के बाद कर्मचारियों ने बिजली के लाइनों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति को बहाल करना शुरू कर दिया। निगम की तरफ से जब भी आंधी आती है और बिजली व्यवस्था प्रभावित होती है तो सबसे पहले शहरी क्षेत्र की बिजली की लाइनों को ठीक किया जाता है। उसके बाद ग्रामीण क्षेत्र और इसके बाद कृषि क्षेत्र की लाइनों को ठीक किया जाता है। इस बार कृषि क्षेत्र की लाइनों के खंभे अधिक टूटे हैं। फिलहाल तक कृषि क्षेत्र की लाइनों के टूटे हुए खंभों को ठीक भी नहीं किया जा सका है। वहीं बहु झोलरी क्षेत्र में काफी संख्या में पेड़ टूट कर सड़कों पर गिरने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही है। ग्रामीणों ने आंधी रूकने के बाद पेड़ों के हिस्सों को काट कर सड़कों से हटाया।
वर्जन
आंधी के कारण बिजली की लाइनों को नुकसान हुुआ है। कई लाइनों को ठीक कर दिया गया है। कई स्थानों पर खंभे टूट गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बहाल कर दी गई है। कृषि क्षेत्र की कुछ लाइनों को ठीक करने का कार्य बचा हुआ है। उन्हें भी जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा।
- संदीप जैन, एसई, झज्जर।