बहादुरगढ़/बादली। कस्बे में शुक्रवार शाम तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। वहीं, शहर की गलियों में पानी भरने के कारण लोग परेशान रहे। उधर, बादली क्षेत्र में आंधी से कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। इससे आपूर्ति बाधित रही। वहीं, मार्ग पर गिरे पेड़ों के चलते यातायात प्रभावित रहा। किसानों के अनुसार यह बारिश खेती के लिए बहुत फायदे है। इस दौरान कुल 30.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बारिश के कारण शहर की कॉलोनी मोहननगर, संत कॉलोनी, राधा कॉलोनी, बंबे वाली गली एरिया, महावीर मंदिर मोहल्ला, मांडोठी बाजार, कच्चा बाग, सैनीपुरा, बागवाला मोहल्ला, अग्रवाल कॉलोनी, महावीर पार्क, नेहरू पार्क और माडल टाउन की तमाम गलियों में पानी भर गया। सेक्टर-6 और 2 में स्थिति बहुत खराब रही। कृषि विकास अधिकारी देवराज ओहल्याण ने बताया कि यह बारिश खेती के लिए बहुत लाभदायक रहेगी। हालांकि बेल वाली फसलों के खेतों में पानी भरने की स्थिति में फसल को कुछ नुकसान हो सकता है। किसान अगेती ज्वार, ग्वार आदि की बिजाई कर सकते हैं।
उधर, बादली में दोपहर बाद अचानक आई तेज आंधी में कई जगह पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। इससे यातायात के साथ बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। इस दौरान कई जगहों पर वाहन चालकों ने स्वयं ही पेड़ों को हटाकर रास्ता साफ किया। बादली से गुभाना गांव तक 6 पेड़ सड़कों पर गिरे थे। केएमपी के पास गिरे एक बड़े पेड़ से रास्ता पूरी तरह से बाधित हो गया, जिसे जेसीबी की सहायता से हटवाया गया। इसके अतिरिक्त गुरुग्राम रोड और दरियापुर रोड पर भी कई पेड़ गिर गए।
-फोटो 9 : बहादुरगढ़ के सैनीपुरा-सेक्टर-9 के बीच जमा हो गया पानी।
-फोटो 10 : बागवाला मोहल्ला की मुख्य गली बन गई तालाब।
-फोटो 11 : अग्रवाल कालोनी के हालात।
-फोटो 12 : सड़क के बीचों-बीच गिरा पेड़।