-फोटो 52 : दिल्ली-रोहतक रोड पर टिकरी बॉर्डर पर भरा पानी। संवाद
बहादुरगढ़। बारिश में जगह-जगह जलभराव से संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। वायरल संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकारी और निजी क्लीनिकों के यहां वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। ज्यादातर मरीज मौसमी बीमारियों से ग्रस्त हैं। बरसात का पानी शहर में अनेक स्थानों पर भरा हुआ है।
लोगों ने प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शहर में मच्छर मार दवाई का छिड़काव करने की मांग की है।
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बरसात हो रही है। बरसात का पानी न केवल निचली इलाकों में बल्कि विभिन्न सड़कों, गलियों, कॉलोनियों के अलावा नालियों में जमा हो रहा है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। शहर की अग्रवाल कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार, सुरेश शर्मा, विपिन अग्रवाल ने बताया कि अबकी बार मानसून के सीजन में बारिश कहीं ज्यादा हो रही है।
इससे शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव हो गया है और संक्रामक बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। प्रशासन को चाहिए कि शहर के सभी वार्डों में फोगिंग कराए। ताकि जगह-जगह हुए जलभराव में मच्छर न पनपें और बीमारियां न फैले।
उधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी क्षेत्र में घर-घर जाकर कूलरों में लार्वा चेक किया जा रहा है, मिलने पर छिड़काव किया जा रहा है। लोगों ने बताया कि बारिश से जलभराव हो गया है। सफाई न होने से नालियां गंदगी से भरी हुई हैं। सफाई के लिए शिकायत की जाती है लेकिन सुनवाई नहीं होती।
नई बस्ती निवासी सत्यवान ने कहा कि कॉलोनी में लोगों ने घरों के आगे पक्के चबूतरे बनाए हुए हैं। यह भी नालियों की सफाई न होने का मुख्य कारण है। नगर परिषद को कॉलोनियों में पक्का चबूतरा बनाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।