मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में बादली थाना पुलिस ने कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 17 आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि छह आरोपियों को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
बादली के गांव दुल्हेड़ा में करीब 570 वर्ग गज के प्लॉट को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी टकराव में बदल गया। घटना बुधवार की है। मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में बादली थाना पुलिस ने कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 17 आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि छह आरोपियों को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर घटना में इस्तेमाल हथियारों, विवाद के कारणों और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को दुल्हेड़ा गांव में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों के लोग घायल मिले। घायलों को उपचार के लिए बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच में एक पक्ष के सुरेंद्र को चार चोटें और दूसरे पक्ष के सुरेंद्र को एक चोट लगने की बात सामने आई।
मामले में सुरेंद्र पुत्र धर्मबीर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने दो स्कॉर्पियो और एक वैगनआर को भी कब्जे में लिया है। तीनों वाहनों के शीशे टूटे और टायर फटे मिले हैं। पुलिस वाहनों को भी घटना से जोड़कर जांच कर रही है। रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना की पूरी वजह और अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।