झज्जर। मतगणना को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए झज्जर पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतगणना की सुबह से ही शहर में रूट डायवर्जन कर दिया जाएगा। किसी भी वाहन को नेहरू कॉलेज की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर 600 पुलिस कर्मचारियों-अधिकारियों को तैनात किया गया है।
रूट डायवर्जन की व्यवस्था चार जून की सुबह से लागू हो जाएगी। इस दौरान झज्जर की तरफ से बहादुरगढ़ जाने वाले वाहनों को कैमलगढ़ चौक से डायवर्ट कर दिया जाएगा। किसी वाहन को नेहरू कॉलेज की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इसी प्रकार से बहादुरगढ़ से झज्जर आने वाले वाहनों को राशनवाला चौक से डायवर्ट होगा। बहुतकनीकी संस्थान झज्जर से कैमलगढ़ चौक तक किसी भी वाहन को रोड पर खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। नेहरू कॉलेज झज्जर में होने वाली मतगणना केंद्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहनता से तलाशी लेने के उपरांत ही केंद्र में प्रवेश करने दिया जाएगा।
इन स्थानों पर बनाई गई चार पार्किंग
मतगणना में ड्यूटी लगे कर्मचारियों को अपने वाहन खड़ा करने के लिए चार पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पहली पार्किंग झज्जर-कैमलगढ़ रोड पर स्थित केंद्रीय विद्यालय के खेल ग्राउंड में पार्किंग बनाई गई है। दूसरी पार्किंग झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर बहुतकनीकी संस्था झज्जर के ग्राउंड, तीसरी पार्किंग . मॉडल स्कूल झज्जर के खेल के मैदान और चौथी पार्किंग नेहरू कॉलेज के अंदर केवल मतगणना के दौरान आने वाले अधिकारियों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मतगणना केंद्र में इन चीजों को लेकर नहीं जाएं
मतगणना केंद्र के बाहर या अंदर कोई भी व्यक्ति ब्लेड, बीडी, माचिस, मोबाइल फोन, खतरनाक रसायन, आग्नेय शस्त्र के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मतगणना केंद्र में अधिकृत व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। मतगणना केन्द्रों पर मोबाइल फोन, पेन, पेपर, इलेक्ट्रॉनिक यंत्र, संदिग्ध वस्तु, शस्त्र ले जाने की मनाही है। मतगणना केंद्र के 500 मीटर के दायरे में गंडासा, किरपान, खोखरी, जेली लाठी, साइकिल चैन या अन्य कोई वस्तु जो हथियार के रूप में प्रयोग किया जा सकता है उन पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
वर्जन
मतगणना के दिन शांति, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अफवाहों पर ध्यान न दें। तथा सोशल मीडिया पर ऐसी बयानबाजी ना करें, जिससे आपसी द्वेष भावना फैलती हो या शांति व्यवस्था भंग होती हो। मतगणना के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नाकों की मार्फत व्हीकलों को डायवर्ट करके निकाला जाएगा। आपात स्थित से निपटने के लिए पुलिस की कई टकड़ियों को रिजर्व में रखा गया है।
डॉ. अर्पित जैन, जिला पुलिस उपायुक्त, झज्जर