बहादुरगढ़। तीन कृषि कानूनों को वापस लेने और एमएसपी की गारंटी के लिए कानून बनाने की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन की वजह से वीरवार को करीब साढ़े बारह से चार बजे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बहादुरगढ़ क्षेत्र में किसानों ने दिल्ली-रोहतक रेलमार्ग पर चार जगह रेलट्रैक पर धरना देकर रेलगाड़ियां रोकी। इनमें परनाला के समीप रेलट्रैक पर, बहादुरगढ़ के रेलवे स्टेशन, आसौदा रेलवे स्टेशन और रोहद नगर रेलवे स्टेशन पर धरना दिया। इस दौरान इंटरसिटी एक्सप्रेस और किसान एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित समय पर बहादुरगढ़ नहीं पहुंच पाई, जिससे यात्रियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा।
संयुक्त किसान मोर्चा ने अपने किसान आंदोलन के तहत किसानों से वीरवार को दोपहर 12 से 4 बजे तक रेलगाड़ियां रोकने का आह्वान किया था। मोर्चे ने हरियाणा में रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने की जिम्मेदारी हरियाणा के किसानों को सौंपी थी। सुरक्षा की लिहाज से बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस, आरपीएफ और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए थे। लगभग साढ़े बारह बजे तक दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर बहादुरगढ़ में रेल रोको आंदोलन का प्रभाव नजर नहीं आया। लगभग सवा बारह बजे कटरा से बहादुरगढ़ आई जबलपुर जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन बिना रुकावट दिल्ली के लिए निकल गई।
निर्धारित समय 12 बजकर 18 मिनट पर श्रीगंगानगर से दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन बहादुरगढ़ नहीं पहुंची। (इस गाड़ी को सांपला में रोका गया था) लगभग एक बजे दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर बहादुरगढ़ और सांपला के बीच रोहद नगर रेलवे स्टेशन पर किसान रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। इन किसानों में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। करीब डेढ़ बजे लगभग 30 किसान बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म एक और दो के बीच ट्रैक पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों के ट्रैक पर आने से पहले दिल्ली गईं किसान एक्सप्रेस ट्रेन वापस बठिंडा जाने के लिए अपने निर्धारित समय दो बजकर 52 मिनट पर बहादुरगढ़ नहीं आई।
वीरवार को किसान आंदोलनकारियों ने रेलगाड़ियां रोकने की घोषणा की थी। इसलिए पंजाब से किसानों का आवागमन भी लगभग नहीं के बराबर हुआ। इस ट्रेन से आठ-दस किसान ही टीकरी बॉर्डर के लिए बहादुरगढ़ पहुंच्रे।
बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक यशपाल मीणा ने बताया कि किसानों के रेल रोको आंदोलन की वजह से करीब 100 यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए थे। बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेल संपत्ति की रक्षा के लिए सुरक्षा बल अलर्ट रहे। जीआरपी, आरपीएफ और अर्धसैनिक बल तैनात रहे।