झज्जर। झाड़ली गांव में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चार हथियार बंद बदमाश वीरवार को लूट के इरादे से घुसे, लेकिन सायरन बजते ही वे बैंक से भाग खड़े हुए। शाखा से लूट की बड़ी वारदात होने की घटना बैंक मैनेजर की सूझबूझ से टल गई। सूचना मिलते ही साल्हावास पुलिस बैंक में पहुंच गई और सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार जिले के झाड़ली गांव के पीएनबी बैंक में वीरवार दोपहर को तीन युवक मास्क लगाकर बैंक में घुसे। इनका एक साथी बाहर खड़ा हो गया। बैंक में घुसे इन बदमाशों ने बैंक का मुख्य गेट बंद कर कैशियर के पास जाकर पिस्तौल दिखाकर उसके पास रखा कैश लूटना चाहा। इससे पहले की बैंक कैशियर दयानंद कुछ समझ पाता उसी दौरान थोड़ी ही दूरी पर खड़े बैंक मैनेजर ने लूट का अंदेशा भांपते हुए कैशियर की तरफ चाबी फैंक दी। इशारा समझते ही बैंक कैशियर दयानंद ने सायरन का बटन दबा दिया और पुलिस-पुलिस कहकर शोर मचाना शुरू कर दिया। ऐसा होने से बैंक में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। इससे लूट की वारदात को अंजाम देने आए बदमाश वहां से भाग खड़े हुए।
बैंक मैनेजर प्रदीप की सूझबूझ व बैंक कैशियर दयानंद की चुस्ती और दक्षता की वजह से बैंक में लूट की एक बड़ी वारदात की घटना होने से टल गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस अपने स्तर पर व बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर अज्ञात युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। आरोपी युवक नकाबपोश होने के कारण उनकी पहचान फिलहाल तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
बैंक में चार युवकों ने लूट का प्रयास किया था। लेकिन कर्मचारियों ने सायरन बजाया तो आरोपी भाग खड़े हुए। आरोपियों की सीसीटीवी के माध्यम से पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
- रामकरण, पुलिस थाना प्रभारी, साल्हावास।