संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। केएमपी एक्सप्रेसवे पर आसौदा टोल के पास शुक्रवार रात सड़क हादसा हो गया। खड़े कैंटर में दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कैंटर के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक हेल्पर की पहचान हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के भारापुर निवासी कृष्ण चंद्र (45) के रूप में हुई है। घायल चालक हेमराज (35) भी उसी गांव का रहने वाले हैं। हेमराज रेवाड़ी से दवा उतारकर गुरुग्राम से केएमपी के रास्ते गांव लौट रहे थे। रात करीब 9:30 बजे आसौदा टोल के पास उनके कैंटर का टायर पंक्चर हो गया।
दोनों ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा करके टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान एक आयशर कैंटर ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कृष्ण चंद्र दोनों वाहनों के बीच दब गए और उनकी जान चली गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से भाग गया। घायल चालक हेमराज को सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य है।
कृष्ण चंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। थाना सदर, बहादुरगढ़ के एसएचओ जयभगवान ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश कर रही है।