बहादुरगढ़। शहर स्थित गौरैया पेट्रोल पंप पर बदहाल व्यवस्थाओं के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप परिसर में आने-जाने वाले रास्ते पर हल्की बारिश में ही पानी भर जाता है जिससे वहां बना गहरा गड्ढा हादसे का कारण बन सकता है।
वहीं पंप परिसर की टूटी फॉल्स सीलिंग से बरसात का पानी लगातार टपक रहा है। लोगों का कहना है कि फॉल्स सीलिंग कभी भी गिर सकती है जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
पेट्रोल पंप पर प्रतिदिन हजारों वाहन चालक पेट्रोल, डीजल और सीएनजी भरवाने के लिए पहुंचते हैं लेकिन रास्ते में अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। इससे ग्राहकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसी समस्या को लेकर मनमोहन नगर, नेहरू पार्क बराही रोड निवासी सतपाल हाडा ने इंडियन ऑयल कंपनी के मार्केटिंग विभाग और सीएमडी को एक्स (पूर्व ट्विटर) माध्यम से शिकायत भेजी है।
उन्होंने पेट्रोल पंप की बदहाल स्थिति के फोटो साझा करते हुए गहरे गड्ढे को भरवाने, जलभराव की समस्या दूर करने और टूटी फॉल्स सीलिंग को जल्द ठीक करवाने की मांग की है।
-फोटो 81 : गौरैया पेट्रोल पंप पर टूटी सीलिंग। स्रोत पाठक