साल्हावास (झज्जर)गांव बहु स्थित राजकीय महाविद्यालय बहु में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में सात दिवसीय विशेष शिविर गोगा मंदिर, गांव खानपुर कलां में लगाया। आज शिविर के अंतिम दिन समापन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रशासनिक इंचार्ज डॉ. जितेंद्र कुमार भारद्वाज ने की। इस दौरान बीए तृतीय वर्ष की छात्रा वर्षा व नीतू को बेस्ट वालंटियर व बेस्ट कैंप होल्डर के खिताब से सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणवीर सिंह आर्य रहे। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीना ने इस सात दिवसीय विशेष शिविर में अपने अनुभव को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। शिविर में लगभग 51 छात्राओं ने भाग लिया। इस शिविर के सातों दिन भिन्न भिन्न गतिविधियों जैसे स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता एवं साफ सफाई, नशा मुक्त भारत अभियान, सड़क सुरक्षा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व धूम्रपान निषेध पर जागरूकता रैली निकाली व बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता व मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अंशुल बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा ने प्रथम स्थान, बीए तृतीय वर्ष की छात्रा कल्पना ने द्वितीय स्थान तथा बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा अमीषा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में बी.ए तृतीय वर्ष की छात्रा वर्षा ने प्रथम स्थान, बीए तृतीय वर्ष की छात्रा कल्पना ने दूसरा स्थान तथा बीए प्रथम वर्ष की छात्रा सोनू व बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा आचुकी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणवीर सिंह आर्य ने स्वयंसेविकाओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों के बारे में बताया।