झज्जर। केरल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में कोरोना के नए केस मिलने और मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग फिर कागजों में अलर्ट पर है। एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है और कोरोना की सैंपलिंग भी 20-25 से बढ़ाकर 500 कर दिया गया है। लेकिन कोरोना से बचने के लिए अहम मानी जाने वाली वैक्सीन पिछले 9 माह से स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है। 31 मार्च को सभी केंद्रों पर इसकी डोज खत्म हो गई थी और दोबारा वैक्सीन ही नहीं आई।
कोरोना की समस्या एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चैलेंज बन गई है। बचाव के लिए मास्क लगाने और एहतियात बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जिले में अब तक 106.1 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगी है जबकि दूसरी डोज केवल 80.4 प्रतिशत ने लगवाई है। 19.6 प्रतिशत को दूसरी डोज लगना बाकी है। बूस्टर डोज की बात करें तो मात्र 8.2 प्रतिशत लोगों ने इसे लगवाया है। 91.8 प्रतिशत लोग इस सुरक्षा चक्र से वंचित हैं। ऐसे में यदि कोरोना संक्रमण फैलता है तो वह चिंता का विषय है। बूस्टर डोज की बात करें तो सबसे ज्यादा 35.2 प्रतिशत हेल्थ केयर वर्कर को लगी है जबकि 18.2 प्रतिशत फ्रंट लाइन वर्कर को बूस्टर डोज लगी है। इसी प्रकार से 18 से 44 आयु वर्ग के 5.8 प्रतिशत लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। 45 से 59 साल के 9.4 प्रतिशत, 60 साल से ऊपर के 15.6 प्रतिशत लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग ने खांसी, जुकाम, सांस की दिक्कत संबंधी सभी मरीजों के सैंपल लेने का निर्णय लिया है।
बच्चों का टीकाकरण व सैंपलिंग साथ-साथ
सिविल अस्पताल कोरोना गाइडलाइन को भूल चुका है। यहां एक ही कमरे में मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं और नौनिहालों का टीकाकरण किया जा रहा है। कर्मचारी बिना गलब्ज और मास्क सैंपल ले रहे हैं। यदि ऐसे में किसी मरीज को कोरोना हुआ तो लापरवाही नौनिहालों व अन्य मरीजों को भारी पड़ सकती है। यही नहीं कोरोना के सैंपल लेने के लिए मंगवाए गए बॉक्स को भी ब्लड बैंक के बाहर पार्किंग के नजदीक खुलेआम रखा गया है। ऐसे में अस्पताल में सभी की सुरक्षा सवालों में है।
किसे कितनी लगी वैक्सीन लक्ष्य पहली डोज दूसरी डोज बूस्टर डोजफ्रंट लाइन वर्कर
8895 8692 9231 1677
हेल्थ केयर वर्कर 8154 8168 8219 2895
12 से 14 साल 33736 16519 9033
15 से 17 साल 52751 39711 22980
18 से 44 साल 475389 538333 416007 24154
45 से 59 साल 158463 155844 138523 12974
60 से ऊपर 105642 109323 100886 15770
कोविड मामलों की अब तक जिले में स्थिति
आज तक कोरोना केस आए-24738
छुट्टी मिली- 24374
कुल मौतें-364
कोरोना एक्टिव केस-0
पॉजिटिविटी रेट- 2.87 प्रतिशत
रिकवरी रेट-98.53 प्रतिशत
मृत्यु दर-1.47 प्रतिशत
जिले में कोविड की तैयारी को लेकर स्थिति
कुल ऑक्सीजन बेड-600
बिना ऑक्सीजन बेड-470
बिना आईसीयू बेड-1070
आईसीयू बेड-248
कुल वेंटीलेटर-89
कुल ऑक्सीजन कंसट्रेटर-381
ऑक्सीजन सिलिंडर-1200कुल ऑक्सीजन प्लांट-12
कोरोना को लेकर विभाग की तरफ से एडवाइजरी जारी कर दी गई है। उसे सभी केंद्रों पर भेज दिया गया है और सैंपलिंग बढ़ाकर 500 प्रतिदिन कर दी गई है। मॉक डि्रल की सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। लोगों को चाहिए कि वह भीड़भाड़ वाले इलाकों में नहीं जाए। यदि जाएं तो मास्क लगाकर जाएं। बाहर से घर में जाने पर हाथ धोएं। किसी बुजुर्ग के पास सीधा नहीं जाए। फिलहाल वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। इसका निर्णय मुख्यालय को करना है।
- डॉ. ब्रह्मदीप सिंह, सिविल सर्जन, झज्जर