बहादुरगढ़। प्रदेश के श्रम राज्यमंत्री अनूप धानक वीरवार को देर शाम शहर में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने गौरैया पर्यटन केंद्र से लेकर दिल्ली-रोहतक रोड के दोनों तरफ बार्डर तक निरीक्षण किया। महर्षि दयानंद पार्क में अंधेरे की समस्या पर मंत्री कार्यकारी अभियंता पर खफा नजर आए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सेक्टर-9 के महर्षि दयानंद पार्क पहुंचे। यहां पर अंधेरा होने की वजह से मंत्री ने लाइटिंग व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया तो नगर परिषद से जुड़े लोगों ने बताया कि नप के एक्सइएन कोई काम नहीं कर रहे हैं। वह निर्माण कार्याें में अड़ंगा लगा रहे हैं। सब काम ठप हैं और लाइटों की खरीद नहीं हो रही है। इनकी रिपेयर तक नहीं हो रही है। इस पर मंत्री ने पूछा कि एक्सइएन कहां है तो ईओ संजय रोहिल्ला ने बताया कि वे बैठक में हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि एक्सइएन की बैठक ज्यादा जरूरी थी या मंत्री। खफा मंत्री ने तुरंत शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त विकास गुप्ता को फोन करके एक्सइएन की शिकायतों से अवगत कराया और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री अनूप धानक ने कहा कि वे जल्द ही बहादुरगढ़ का दोबारा से दौरा करेंगे। यदि लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। सरकार का पूरा फोकस सफाई व्यवस्था पर है। गौरतलब है कि मंत्री के दौरे की सूचना पर नाइट शिफ्ट के कर्मचारियों की तैनाती कर प्रशासन ने सफाई करा दी गई थी। इसके चलते सफाई व्यवस्था को लेकर मंत्री अनूप धानक ने संतोष जताया है। इस मौके पर नगर परिषद के वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा, कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला, जजपा नेता संजय दलाल, पूर्व चेयरमैन कर्मबीर राठी, मुकेश कौशिक आदि मौजूद रहे।