बहादुरगढ़। सरकार की ओर से स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए शहरवासियों को इलाज उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पांच नए स्वास्थ्य केंद्र खोलने का फैसला लिया है। इनमें तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और तीन शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर शामिल हैं। इसके लिए विभाग ने किराए पर भवन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
3 दिसंबर तक किराए पर भवन देने के लिए आवेदन मांगे हैं। इन स्वास्थ्य केंद्रों के खुलने से गर्भवती, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष राहत मिलेगी। उन्हें घरों के आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया होंगी। स्वास्थ्य केंद्र खुलने के बाद लोगों को सामान्य बीमारियों, टीकाकरण, नियमित जांच और दवाइयों की सुविधा अब उनके ही वार्ड या मोहल्ले में उपलब्ध होगी।
इससे नागरिक अस्पताल व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर दबाव कम होगा और मरीजों को जल्दी इलाज मिल सकेगा। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष राहत मिलेगी, क्योंकि नजदीक ही स्वास्थ्य जांच और परामर्श मिल जाएगा। आयुष्मान कार्ड से जुड़ी सेवाएं भी केंद्रों पर आसानी से मिल सकेंगी, जिससे गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिलेगा।
केंद्रों पर बीपी, शुगर आदि की नियमित जांच, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और छोटी-मोटी आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे बीमारी की पहचान समय रहते हो सकेगी और इलाज का खर्च भी काफी कम होगा। ये केंद्र शहर के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और आम लोगों को सुलभ, सस्ती और नजदीकी स्वास्थ्य सेवाएं देने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इन स्थानों पर खोले जाएंगे स्वास्थ्य केंद्र
बहादुरगढ़ में 5 केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनके लिए जगह चिह्नित कर ली गई है और अब भवन किराये या मुफ्त में लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे इच्छुक भवन मालिकों से 3 दिसंबर 2025 तक आवेदन मांगे हैं। साथ ही किराए की कोटेशन भी मांगी है। जो भवन मालिक अपना भवन किराए पर या निशुल्क उपलब्ध कराना चाहते हैं, वो विभाग के नियमानुसार आवेदन कर सकते हैं। शहर में आदर्श नगर व किला मोहल्ला में स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर बहादुरगढ़ के महाबीर पार्क या सेक्टर-7, शंकर गार्डन और आर्य नगर, कश्मीरी कॉलोनी में खोला जाएगा। इन स्थानों के लिए आवेदन झज्जर के सीताराम गेट स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या फिर बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 स्थित पॉली क्लीनिक में दिया जा सकता है।
बहादुरगढ़ शहर में पांच स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। इसके लिए भवन चयन प्रक्रिया पूरी होते ही आगामी वर्ष में सभी केंद्र शुरू कर दिए जाएंगे, जिससे शहर में स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ेंगी।
- डॉ. जयमाला, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग झज्जर