हरियाणा सरकार की तरफ से चलाए जा रहे विशेष सर्जिकल आयुष्मान भारत अभियान के अंतर्गत जिले में पात्र मरीजों को लगातार निशुल्क सर्जिकल सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। पांच फरवरी को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 11 व छह फरवरी को 12 ऑपरेशन संपन्न हुए।
नागरिक अस्पताल झज्जर में दो सामान्य सर्जरी और पांच मोतियाबिंद (आंख) के ऑपरेशन किए गए। वहीं अन्य संस्थानों में मोतियाबिंद का एक ऑपरेशन, लेबिया मेजोरा लिपोमा रेसक्शन का एक ऑपरेशन और दंत विभाग में फंसे हुए दांत निकालने (वर्टिकल इम्पैक्शन) के दो ऑपरेशन शामिल रहे।
छह फरवरी को जिले में कुल 12 सफल सर्जरी संपन्न हुई। नागरिक अस्पताल झज्जर में छह मोतियाबिंद (आंख) के ऑपरेशन और घुटना प्रत्यारोपण (नी रिप्लेसमेंट) का एक सफल ऑपरेशन किया गया।
इसके अतिरिक्त अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में इंग्वाइनल हर्निया का ऑपरेशन, पैर में कॉर्न के दो ऑपरेशन, सीजेरियन डिलीवरी के साथ स्थायी नसबंदी, एक आपातकालीन सीजेरियन डिलीवरी, स्थायी नसबंदी (द्विपक्षीय ट्यूबेक्टॉमी) के दो मामले, मिस्ड एबॉर्शन में सक्शन एवं इवैक्यूएशन और दंत सर्जरी शामिल हैं।
सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीज विभिन्न बीमारियों का मुफ्त ऑपरेशन करवा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
यह अभियान जिला उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटील के मार्गदर्शन, सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान के दिशा-निर्देशानुसार और कार्यक्रम अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. सुनीता तंवर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।