पकड़ी गई पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन। संवाद
- फोटो : Jhjhar
शहर के पुराना बस स्टैंड के पास एक नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारते हुए एक डॉक्टर व उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। टीम ने दो अल्ट्रासाउंड मशीनों को भी सील कर दिया है। बुजुर्ग डॉक्टर सहित तीन के खिलाफ पुलिस ने पीएनडीटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
सिविल सर्जन को सूचना मिली थी कि शहर के पुराना बस स्टैंड के सामने शैली नर्सिंग होम में बिना पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। जिस पर सिविल सर्जन ने पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. ममता के नेतृत्व में टीम का गठन करते हुए पुलिस के साथ शुक्रवार दोपहर बाद अल्ट्रासाउंड केंद्र पर भेजा। जहां पर टीम ने एक प्रलोभन ग्राहक को 500 रुपये देकर अल्ट्रासाउंड के लिए भेजा। जब महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करा रही थी तो टीम मौके पर पहुंची और अल्ट्रासाउंड कर रही बुजुर्ग महिला से मशीन के कागजात, अल्ट्रासाउंड करने के लिए पंजीकरण और अन्य कागजात मांगे, जिस पर वह कोई भी प्रमाण पेश नहीं कर पाई। इसके बाद उसने बताया कि उसका नाम राजकौर है और वह एक स्टाफ नर्स है। महिला ने बताया कि अल्ट्रासाउंड केंद्र उनके पति डॉक्टर जगमोहन कपूर का है। टीम ने जब डॉ. जगमोहन कपूर से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उनकी मशीन का रजिस्ट्रेशन वर्ष 2016 तक था। उसके बाद से उन्होंने मशीन का रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है और जो पोर्टेबल मशीन उनके पास है, वह दिल्ली निवासी डॉक्टर अजय गोयल से उन्होंने पुरानी खरीदी थी। जिसका पीएनडीटी में कोई रिकॉर्ड नहीं है। जब टीम ने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो एक अन्य मशीन भी मिली, जो क्षतिग्रस्त हालत में थी। टीम ने दोनों मशीनों को सील कर दिया है और प्रलोभन ग्राहक की तरफ से दिए गए 500 रुपये के नोट को भी सील किया है। विभाग की टीम ने दोनों मशीनों पर 7-7 सील लगाई हैं।
ये रहे टीम में शामिल
टीम में नोडल अधिकारी डॉक्टर ममता एवं डॉ. रवि गोदारा, लिपिक अनिल कुमार व अजय कुमार शामिल थे। सिटी थाना पुलिस ने नोडल अधिकारी की शिकायत पर पीएनडीटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
बुजुर्ग डॉक्टर व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम उन्हें कोरोना जांच कराने के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंची थी। पुलिस दोनों को फिलहाल ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में लेकर पहुंची है।
नरसिंह, पुलिस थाना प्रभारी, शहर झज्जर।
नर्सिंग होम पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद- फोटो : Jhjhar