गांव में चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए वीरवार की देर रात ठीकरी पहरा दे रहे युवकों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर डाली। बाद में उन्हें पुलिस को सौंप दिया।
क्षेत्र में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही। अब ग्रामीण हर रोज गांव में ठीकरी पहरा लगाते हैं। वीरवार देर रात को ग्रामीण खजान सिंह अपनी गली के आसपास गश्त कर रहा था।
इसी दौरान गली में टहल रहे कुछ युवकों की गतिविधियों पर नजर डाली तो खजान सिंह को शक हुआ। पहरा दे रहे ग्रामीण ने अपने साथियों को युवकों के बारे में जानकारी दे दी। ग्रामीणों ने जाल बिछाकर युवकों को दबोच लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि इन युवकों ने चोरी के इरादे से एक मकान के बल्ब तोड़े तो पहरा दे रहे आधा दर्जन युवकों ने मौके पर ही दो युवकों को दबोच लिया। अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक युवक फरार हो गया।
पकड़े गए युवकों की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी। पकड़ने वाले ग्रामीणों में खजान सिंह, नीरज, तरुण, धीरज, भोला व प्रमोद शामिल थे।
सूचना पर सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवकों को कब्जे में लेने की बात कही तो ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। पुलिस कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों की काफी बहस हुई।
कंवल की शिकायत पर मातन निवासी दो युवकों के खिलाफ शिकायत दी गई। सदर थाना बहादुरगढ़ के एसएचओ बिजेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पकड़े गए युवकों को पुलिस थाने ले गई।
एसएचओ ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई भरोसा दिया। सदर बहादुरगढ़ के एसएचओ बिजेंद्र सिंह कहना कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।