महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट बहादुरगढ़ के चुनाव की प्रक्रिया वीरवार को शुरू हो गई। तीन दिवसीय नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन कुल 40 सदस्यों ने नामांकन भरे।
खास बात यह रही कि सभी नामांकन एक ही पैनल के सदस्यों द्वारा भरे गए हैं। नामांकन फार्म लेने के लिए संस्था की रेलवे रोड स्थित धर्मशाला में दिन भर गहमागहमी का माहौल रहा।
चुनाव प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए बनाई गई एडहॉक कमेटी के प्रधान शिवकुमार गुप्ता और सचिव मंगत राय गोयल दिन भर नामांकन फार्म देने और जमा करने में व्यस्त रहे।
बता दें कि संस्था पर कब्जे को लेकर दो गुट आमने-सामने हैं। वर्चस्व बनाए रखने को लेकर कोर्ट कचहरी भी खूब हुई है। अब जिला रजिस्ट्रार के मार्गदर्शन में काम कर रही एडहॉक कमेटी चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने में जुटी है।
एडहॉक कमेटी सचिव मंगत राय गोयल ने बताया कि संस्था के चुनाव को लेकर सदस्यों में जबरदस्त उत्साह है, यही कारण है कि वीरवार को नामांकन फार्म लेने के लिए भीड़ लगी रही।
नामांकन भरने के पहले दिन तय समय तक 40 लोगों ने अपने नामांकन दाखिल किए। उनके अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे के बीच 11 जुलाई तक नामांकन भरे जाएंगे। इसके बाद आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
एक ही पैनल ने भरे हैं फार्म
एडहॉक कमेटी सचिव के अनुसार वीरवार को जमा हुए सभी फार्म एक ही पैनल यानी अशोक गुप्ता पैनल द्वारा भरे गए हैं। यानी अभीतक किसी आजाद उम्मीदवार या किसी अन्य ग्रुप द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किया गया है। देखना दिलचस्प रहेगा कि दूसरा ग्रुप चुनाव से दूरी बनाए रखेगा या फिर उसकी कुछ दूसरी रणनीति रहती है।