बादली। गांव जाफरपुर के पास दिल्ली के सुरहेड़ा स्कूल में पढ़ने वाले गांव लोहट के दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। चारों छात्र मोटरसाइकिल से अपने गांव लोहट आ रहे थे तो जाफरपुर गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
चारों छात्र बादली के नजदीकी गांव लोहट के रहने वाले थे और दिल्ली के गांव सुरहेड़ा में स्थित सरकारी स्कूल के विद्यार्थी थे। दिल्ली पुलिस ने मृतकों के शवों को जाफरपुर के सरकारी अस्पताल में रखवा दिया है। दोनों घायल छात्रों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में विनीत पुत्र कर्मबीर और आशीष पुत्र संजीत हैं। तुषार पुत्र मनजीत और नितिन पुत्र जयकंवार को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने पर लोहट गांव में मातम पसर गया और ग्रामीण दिल्ली के जाफरपुर अस्पताल पहुंचे। दो मासूमों की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है। वीरवार को रात होने की वजह से मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम होगा। बताया गया है कि परिवार की महिलाओं को अभी तक घटना से अवगत नहीं करवाया गया है। चारों छात्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुरहेड़ा में 9वीं और 10वीं कक्षा में पढ़ते थे। वीरवार को बाइक पर स्कूल से वापस लौट रहे थे तो बीच रास्ते हादसा हो गया।