इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर ली है। इसमें तीन आरोपियों के पुलिस ने फोटो जारी कर उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम रखा है। वहीं बाकी एक आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
नारनौल क्षेत्र अब एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। अब इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या में शामिल एक आरोपी नारनौल के सिरोही बहाली का रहने वाला है। हालांकि आरोपी का परिवार करीब 25 साल पहले ही गांव छोड़कर जा चुका है। जिसके बाद गांव में उनका कभी आना जाना नही हुआ। सिरोही बहाली के सरपंच लेखराज ने बताया कि करीब 25 साल पहले ही दीपक सांगवान का परिवार दिल्ली चला गया था। अब वर्तमान में वह कहां रह रहे हैं, इसकी भी अब जानकारी नहीं है। बता दें कि इससे पहले नारनौल गोगामेड़ी हत्याकांड में भी सुर्खियों में बना रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि एक दिन पहले आरोपियों की कार रेवाड़ी स्थित रेलवे स्टेशन की पार्किंग से बरामद हुई थी। ऐसे में अब पुलिस की टीमें स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगालने में जुटी हुई हैं। रविवार को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर झज्जर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इससे आरोपियों के रूट के बारे में सुराग लगा।
आरोपी विदेश न भागने पाएं, आरोपियों को पकड़ने के लिए गुवाहाटी, गोरखपुर और वाराणसी में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है, जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। सोमवार को रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा सकता है। -डॉ. अर्पित जैन, एसपी, झज्जर।