झज्जर। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की तरफ से घोषित किए गए परीक्षा परिणाम में 495 अंक प्राप्त कर मेडिकल संकाय में प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बादली गांव की बेटी काजल ने विपरीत परिस्थितियों में भी संघर्ष करते हुए अपनी पढ़ाई को जारी रखा है। घर के काम के साथ-साथ पढ़ाई करते हुए प्रदेश में एक मुकाम हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। काजल के पिता मुकेश कुमार 2 एकड़ भूमि में खेती करते हैं और कुछ भूमि दूसरे किसानों से किराए पर लेकर उसमें खेती कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। लेकिन बच्चों की पढ़ाई के प्रति वे पूरी तरह से गंभीर हैं। प्राइवेट स्कूल में बच्चों को पढ़ाते हुए उनको एक मुकाम तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किए हुए हैं। उनकी स्थिति को देखा जाए तो उनके पास दो कमरे का मकान है जिसको प्लास्टर तक नहीं करवाया है और फर्श भी ईंटों का ही बनवाया हुआ है। अपनी सुख सुविधाएं बाद में लेकिन बच्चों की कामयाबी पहले। बच्चे कामयाब हुए तो सभी सुख सुविधाएं अपने आप आ जाएगी।
इस मकान में रहते हुए अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं बेटी ने परिवार की स्थिति को देखते हुए अपने मेहनत के बल पर पूरे प्रदेश में अपना परचम लहराया है। मुकेश कुमार की बड़ी बेटी कोमल दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीएससी कर चुकी हैं और प्लस टू में उसके भी 94.5 प्रतिशत अंक थे, जबकि काजल का छोटा भाई महेश 11वीं कक्षा में पढ़ रहा है। दा हाइट स्कूल खुड्डन के संचालक नविंद्र कुमार का कहना है कि काजल की बड़ी बहन कोमल भी होनहार थी और उसका छोटा भाई महेश भी पढ़ाई में ठीक है। लेकिन उनकी माता किरण व पिता मुकेश अपने बच्चों की पढ़ाई के प्रति पूरी तरह से गंभीर रहते हैं।