बहादुरगढ़। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमआइई) पार्ट-बी में वीरवार सुबह रेडक्रास रोड पर कबाड़ और एक फुटवियर फैक्टरी में आग लग गई। इससे दोनों स्थानों पर लाखों का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से पांच घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।
फुटवियर फैक्टरी में जहां सुबह तीन बजे आग लगी। वहीं कबाड़ में आठ बजे आग लग गई। कबाड़ में आग लगने से दो पिकअप और एक कंटेनर जल गया। वहीं फुटवियर फैक्टरी में भी काफी तैयार व कच्चा माल आग की भेंट चढ़ गया।
इलाके में मौजूद लोगों ने पहले कबाड़ से धुआं उठता देखा, जो देखते ही देखते आग की लपटों में तब्दील हो गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास खड़े वाहनों तक पहुंच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने मांग की है कि औद्योगिक क्षेत्रों में कबाड़ के सुरक्षित भंडारण और अग्नि सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
इंसेट
जूता फैक्टरी में भी लगी आग
वीरवार को एमआइई में स्थित अभय फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में भी आग की घटना हुई। फैक्टरी मालिक दिल्ली के निवासी अभय सिंह हैं। इसमें जूते-चप्पल तैयार किए जाते हैं। अल सुबह करीब 3 बजे आग लगी। आग तेजी से फैल गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग किन कारणों के चलते लगी यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
वर्जन
एमआइई में कबाड़ और फैक्टरी में आग की सूचना मिली। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और पांच घंटे में आग पर काबू पाया गया। इसमें दो पिकअप और एक कंटेनर आग की भेंट चढ़ गया। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं है। इसकी जांच की जा रही है।-रविंद्र कुमार, फायर अधिकारी, बहादुरगढ़।