झज्जर। जिले में साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन कोई न कोई मामला सामने आ रहा है। अब दो लोगों को साइबर ठगों ने ठग लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिए हैं।
खोरडा निवासी राजेश कुमार ने पुलिस में शिकायत दी है कि 29 जून को मोबाइल पर अंजान व्यक्ति ने बार-बार कॉल करके कहा कि अगर आप घर पर ही काम करके रुपये कमाना चाहते हैं तो पेंसिल कंपनी आपके घर पर सामान भेज देगी। उसको पैक करना है, जिसके बदले कंपनी सामान के साथ सैलरी भी देगी। पीड़ित ने कहा कि सामान भेज देना, हम पैक कर देंगे। अंजान व्यक्ति ने कहा कि आपको पहले कंपनी को कुछ पेमेंट करनी होगी, तब आपको सामान भेजा जाएगा। उसने स्कैनर बार कोड भेज दिया। फिर उसने 22800 रुपये भेज दिए। बार-बार अंजान ने फोन कर और रुपये मांगे तो उसे लगा उसके साथ फ्रॉड हुआ है। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज किया है।
वहीं सिवाना निवासी जसविंद्र ने पुलिस में शिकायत दी है कि वह खेती करता है। 29 जून को उसके भाई का फोन उसके पास आया। उसने बताया कि उसका दोस्त का पापा बीमार हैं। उसके भाई ने कहा कि एक नंबर पर 50 हजार रुपये डाल दो। उसने पहले 20 रुपये डाले और फिर अलग-अलग 34980 रुपये डाल दिए। कुछ देर में उसके भाई का फोन आया कि यह नंबर फ्रॉड है, लेकिन तब तक वह राशि डाल चुका था। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।