झज्जर/बहादुरगढ़। दूल्हेडा से खरमाण रोड पर दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक और एक युवती की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों में एक युवती की गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया जबकि एक युवक को हल्की चोट आई है। शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम होगा।
खरमाण गांव निवासी यश (16) और उसका भाई नवयुग (18) एक मोटरसाइकिल पर सवार थे जबकि खरमाण निवासी सिमरन (15) और उसकी बड़ी बहन निशिका (25) एक मोटरसाइकिल पर सवार थे। दूल्हेड़ा से खरमाण रोड पर दोनों की मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई, जिसमें चारों घायल हो गए।
दोनों युवतियों को झज्जर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां निशिका की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि उसकी बहन सिमरन को डॉक्टरों ने गंभीर हालत के चलते रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं, हादसे में घायल यश और उसके भाई नवयुग को बहादुरगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां यश की मौत हो गई।
नवयुग को हल्की चोट आई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा तेज गति के कारण होना बताया जा रहा है।