फोटो 58: फैक्टी में लगी भीषण आग से निकलती चिंगारियां।
बहादुरगढ़। सूर्या नगर स्थित दो फैक्टरियों में रविवार देर रात आग लगने से हड़कंप मच गया। इनमें एक कैमिकल का गोदाम और दूसरी रबर टायर निर्माण से संबंधित फैक्टरी शामिल है। दोनों फैक्टरियों का पूरा सामान जलकर राख हो गया। फायर अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दमकल की 6 गाडि़यों ने आग पर काबू पाया।
दोनों यूनिटों के मालिकों के बयान अलग-अलग सामने आए हैं। आग बुझाने पहुंचे फायरब्रिगेड कर्मियों को कैमिकल फैक्टरी प्रबंधन ने कहा कि रबर फैक्टरी में पहले आग लगी और तेज लपटों के कारण आग उनकी फैक्टरी तक पहुंच गई। वहीं रबर फैक्टरी मालिकों का दावा है कि धमाके के साथ कैमिकल फैक्टरी में आग लगी।
दोनों पक्षों के आरोपों के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर आग के कारणों की जांच करेगी। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। कैमिकल गोदाम के सिक्योरिटी गार्ड लेखचंद ने भागकर अपनी जान बचाई।
लेखचंद ने बताया कि रात को करीब एक बजे अचानक उनका दम घुटने लगा। देखा तो फैक्टरी में काफी धुआं था और आग लगी थी। उन्होंने इसकी सूचना फायरब्रिगेड को दी। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फैक्टरी मालिकों ने लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया है।
फोटो 58: फैक्टी में लगी भीषण आग से निकलती चिंगारियां।