बादली। खेड़ी आसरा गांव में सर्पदंश से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चे का परिवार ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का काम करता है। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया हैं।
जानकारी अनुसार सुनील निवासी खजूरी बिहार अपने परिवार के साथ छुड़ानी गांव स्थित जयलाल ईंट-भट्ठे पर परिवार के साथ रहता है। रात के समय वह अपने परिवार के साथ कमरे में सो रहा था तो उसका तीन वर्षीय बेटा विकास रोने लगा। उसकी आवाज सुनकर सुनील उठ गया। सुनील ने जब बेटे विकास को संभाला तो उसके पास ही एक जीवित सांप पड़ा हुआ था। सांप को देखकर सहज ही बच्चे को डंसने का अनुमान परिजनों ने लगा लिया। रात के समय ही बच्चे विकास को झज्जर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बादली थाना से पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस जांच अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि बच्चे की सर्पदंश से मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया हैं।