क्षेत्र के गांव गोयला कलां में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को अपराध जांच शाखा (प्रथम) की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
शाखा प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक पुनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर उपरोक्त मामले के दो आरोपियों को थाना बादली एरिया से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनिल निवासी गांव गोयला कलां और रवि निवासी सहानपुर जिला जींद के तौर पर की गई। अपराध जांच शाखा शाखा प्रभारी ने बताया कि गत 18 जुलाई को गांव गोयला कलां में सुरेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में उसके भाई की शिकायत पर थाना बादली में आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए शाखा की एक टीम ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने हत्या की उपरोक्त वारदात का खुलासा किया। एक आरोपी अनिल ने प्राथमिक पूछताछ में इस वारदात के अलावा चार अन्य वारदात के संबंध में खुलासा किया है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अपने साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2011 में थाना बिलासपुर के एरिया में अपहरण की एक वारदात को अंजाम दिया था। जिस के संबंध में थाना बिलासपुर में उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। जनवरी 2012 में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना बिंदापुर दिल्ली में लूट की एक वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में सड़क दुर्घटना में हुई एक व्यक्ति की मृत्यु का मामला थाना सदर बहादुरगढ़ में दर्ज हुआ था। वहीं आरोपी के खिलाफ अक्तूबर 2019 में लड़ाई झगड़ा व मारपीट का एक मामला थाना बादली में दर्ज हुआ था। शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों से हत्या की उपरोक्त वारदात में और कौन-कौन दोषी शामिल थे उसके बारे में खुलासा होने की संभावना है।