बहादुरगढ़। सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव कसार में रंजिशन घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना प्रबंधक सेक्टर-6 बहादुरगढ़ निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि शेर सिंह निवासी कसार ने शिकायत दी थी कि 26 जनवरी 2024 को वह अपने लड़कों के साथ गांव के मैदान में घूम रहा था। यहां उसके लड़के की गांव के ही एक लड़के से कहासुनी हो गई। लड़के को बाद समझा-बुझाकर घर भेज दिया और सभी अपने घर चले गए। गांव का सुमित व कुछ अन्य व्यक्ति हथियार के साथ घर में आए और आते ही भाई पर वार कर दिया और वह नीचे गिर गया। जब उसे संभालने लगा तो आरोपियों ने मुझ पर व मेरे बच्चों पर भी हमला कर दिया। आस-पड़ोस के लोगों को आता देख सुमित ने पिस्तौल दिखाई और आगे से ध्यान रखने व जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से अपनी गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू की। उप निरीक्षक जगबीर की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सुमित व विकास निवासी कसार झज्जर के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी सुमित से वारदात में प्रयोग किया गया लाइसेंसी पिस्तौल और गाड़ी बरामद की गई है। दूसरे आरोपी विकास से वारदात में प्रयोग किया गया फरसा बरामद किया गया है।