बहादुरगढ़। लाइनपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत नाहरा-नाहरी रोड फ्लाईओवर के नीचे केबल का काम करने वाले एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। गोली मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर जा लगी। गोली मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर जाकर लगी। गोली चलते ही दोनों पक्षों के कारिंदे इधर-उधर हो गए। सूचना पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची। लाइनपार थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर फायरिंग करने वाले युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों उनकी गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार नाहरा-नाहरी फ्लाईओवर के नीचे वीरवार की देर रात केबल टीवी का काम करने वाले दो पक्षों के बीच एक-दूसरे की वायर काटने को लेकर विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी गई। हालांकि इसमें वह बाल-बाल बच गए और गोली मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर जा लगी।
प्रदीप पुत्र अजीत सिंह निवासी देव नगर झज्जर रोड ने बताया है कि वह लाइनपार में केबल टीवी का काम करता है। जबकि दूसरे पक्ष का सोनू भी लाइनपार में ही केबल टीवी का काम करता है। दोनों के बीच तार काटने को लेकर विवाद हो गया। इसमें सोनू निवासी लाइनपार ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रदीप व उसके दो साथी विकास व अरुण पर फायरिंग कर दी। इसमें वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोनू व उसके साथी प्रमोद और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना लाइनपार में तैनात एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।