बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे वे पर टोल की वसूली शुक्रवार को दोबारा से चालू हो गई है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और आरएएफ जवान टोल पर तैनात कर दिए गए हैं। दरअसल, मंगलवार को प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा में टोल को चालू करा दिया था। इस पर किसानों ने बुधवार को मांडोठी टोल प्लाजा पर एकत्रित होकर टोल फ्री करा दिया था। इसके बाद पुलिस प्रशासन टोल को चालू करवाने के लिए पहुंचा था। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के साथ-साथ आरएएफ के जवान भी टोल प्लाजा पर तैनात कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि तीन कृषि कानूनों को रद्द कराने के लिए किसान टीकरी बॉर्डर पर काफी संख्या में डटे हुए हैं। तीन दिन पहले भी बहादुरगढ़ से होकर गुजरने वाले केएमपी मांडोठी टोल प्लाजा पर टोल प्लाजा को किसानों ने फ्री करा दिया था। इसके बाद जब प्रशासन को इसकी खबर लगी तो पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने टोल को दोबारा से चालू करवाया था। किसानों ने कहा था कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती, तब तक टोल प्लाजा नहीं चलने दिए जाएंगे। ऐसे में टोल फिर से फ्री कर दिए गए थे। शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने पहुंचकर टोल प्लाजा को चालू करा दिया।
वर्जन
मांडोठी गांव के पास केएमपी के टोल प्लाजा पर क्लेक्शन को दोबारा चालू करा दिया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल और आरएएफ की तैनाती कर दी गई है।
-हितेंद्र शर्मा, एसडीएम