बहादुरगढ़। सोमवार की आधी रात एक बेकाबू ट्रक बालोर चौक पर वाहनों से टकराते हुए किसानों के तंबुओं में घुस गया। इससे तंबुओं में सो रहीं तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सूचना मिली तो थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल भिजवाया। जहां से चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल सभी घायल महिलाओं की हालत ठीक है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
टीकरी बॉर्डर से लेकर जाखौदा बाईपास चौक तक किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और तंबुओं में ठहरे हुए हैं। सोमवार की रात 12 बजे एक बेकाबू ट्रक सांपला की तरफ से बालोर चौक पर पहुंचा। ट्रक ने यहां पर खड़ी एक ट्राली में टक्कर मारी। इसके बाद ट्रैक्टर से टकराने के बाद ट्रक एक तंबू में घुस गया। जिससे यहां पर सो रहीं तीन महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें पंजाब के मानसा जिले के गांव सरदूल वाला की रहने वाली कपूर कौर, मुख्तयार कौर व मलकीत कौर शामिल हैं। तीनों की उम्र 45 से 50 वर्ष के आसपास है। खास बात यह रही कि ट्रक तंबू में घुसने के बाद भी नहीं थमा और वहां पर खड़ी एक बस से जा टकराया। वहां से भागने के लिए चालक ने ट्रक को भगाया तो वह सड़क पर पड़े एक बड़े लकड़ी के गट्ठे में उलझ गया और वहां पर रुक गया। ट्रक घटनास्थल से 50 मीटर दूरी पर रुक गया और चालक मौके से फरार हो गया, जबकि कंडक्टर को भीड़ ने पकड़ लिया।
टक्कर लगते ही मच गई चीख पुकार
किसानों ने बताया कि ट्रक की वाहनों में टक्कर लगने के बाद लोगों की चीख पुकार मच गई। तुरंत लोग अपने तंबुओं के बाहर निकल आए और घटनास्थल पर भीड़ लग गई। सूचना मिली तो थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। ट्रक की टक्कर से वहां पर रखे कूलर, गैस चूल्हों के अलावा अन्य सामान भी तहस-नहस हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
बालोर चौक पर हुई दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल किसी ने ट्रक चालक के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।
-सुनील कुमार, प्रभारी, थाना सदर।
ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त किसानों का सामान।- फोटो : Bahadurgarh