-बैंक कॉलोनी में हुई चोरी के दौरान खाली तिजोरी का दिखाता वीरेंद्र।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। नजफगढ़ रोड पर स्थित बैंक कॉलोनी में मंगलवार को दिन में ही एक मकान में चोरी हो गई। चोर घर में रखे दो लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। घटना का पता उस समय लगा जब परिवार शाम के समय घर पर पहुंचा। सेक्टर-9 चौकी पुलिस तुरंत इसकी सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक कॉलोनी निवासी वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करते हैं। जबकि उनकी पत्नी सविता शहर के मेन बाजार में एक कोचिंग सेंटर चलाती है। घटना के वक्त परिवार घर पर नहीं था। उन्होंने बताया कि चोरों ने घटना को मंगलवार की दोपहर के करीब 3 बजे अंजाम दिया। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला नहीं तोड़ा बल्कि कुंडी को ही उखाड़कर घर में प्रवेश किया। जब वे शाम के समय घर पहुंचे तो उन्हें चोरी का शक हुआ। जब उन्होंने घर में रखी अलमारियों को खंगाला। अलमारियों का लॉक टूटा था। उसमें रखी चांदी व सोने के दो लाख से अधिक के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोर ले गए। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत सेक्टर-9 चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की।
सीसीटीवी में नजर आ रहे हैं स्कूटी पर सवार दो युवक
वीरेंद्र के मुताबिक, पड़ोस के घर में सीसीटीवी लगे हुए हैं। उन्होंने फुटेज को चेक किया तो घर के बाहर 15-20 मिनट तक दो युवक एक स्कूटी पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने शक जाहिर किया है कि उन्होंने ही घर में चोरी को अंजाम दिया है।
की जा रही है चोरों की पहचान
बैंक कॉलोनी में दिन के समय हुई चोरी के मामले में केस दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ा रही है। कॉलोनी में अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है। जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा।
-विजय कुमार, एसएचओ, थाना शहर बहादुरगढ़।