बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड पर मांडोठी मोड़ के पास ट्रक और कार की टक्कर हो गई। इस घटना में कार में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे रोहतक के पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। घटना 13 मई को सुबह 5 बजे हुई। अब थाना आसौदा पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजेश कुमार निवासी गिंदौड़ा, पाकवड़ा, मुरादाबाद उत्तर प्रदेश ने बताया कि मेरा दोस्त शैलेश पांडेय निवासी शाहबाद, रामपुर उत्तर प्रदेश 12 मई को अपने गांव से अपनी मोटर साइकिल से सायं 6 बजे मुरादाबाद मेरे पास आया। इस दौरान जगत सिंह नयाल और शैलेश पांडेय समेत हम तीनों साथ थे। रात के समय करीब 10 बजे शैलेश पाण्डेय की मोटर साइकिल जगत सिंह नयाल के घर मुरादाबाद खड़ी करके हम तीनों गन्ना देखने के लिए हिसार के लिए अपनी गाड़ी से चल दिए। केएमपी के रास्ते बहादुरगढ़ की तरफ आए और रोहतक रोड पर पहुंचे तो मांडोठी गांव के मोड़ पर गलत दिशा व तेज गति से आए एक ट्रक चालक ने कार में टक्कर मार दी और वह मौके से फरार हो गया। घटना में शैलेश पांडेय को अधिक चोटें आई। घटना 13 मई की सुबह करीब 3 बजे हुई। उसे तुरंत शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे रोहतक के पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। राजेश के मुताबिक, इस बीच उन्होंने शैलेश के परिवार और ससुराल वालों को घटना की जानकारी दी।