झज्जर। आचार संहिता लागू होने के 69 दिन बाद आखिरकार चुनाव प्रचार का शोर वीरवार शाम 6 बजे थम गया। पिछले 20 दिन से चुनाव प्रचार का शोर पूरे उफान पर था। गांव व शहरी क्षेत्रों में प्रत्याशी और उनके समर्थक हर तरीके से प्रचार अभियान में जुटे हुए थे। अब अगले 24 घंटे प्रत्याशी व समर्थक केवल घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे।
जिले में कुल 818662 मतदाता हैं, जो 25 मई को मतदान करेंगे। इस बार जिले में प्रत्येक बूथ पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, इनके माध्यम से जिला स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूप में मतदान के दौरान पूरे समय वेब कास्टिंग होगी। जिले में 797 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। सभी पोलिंग स्टेशनों पर चुनाव आयोग के नियमानुसार मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसी भी बूथ पर हो रही हलचल को कंट्रोल रूम पर लाइव देखा जा सकेगा। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स जिले में पहुंच चुकी है। राजस्थान पुलिस की 6 कंपनी, आर्म्ड फोर्स के 112 जवान, दुर्गा शक्ति की 24 महिलाएं और 738 होम गार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा दो कंपनियां शुक्रवार सुबह तक आने की उम्मीद है। जाम की स्थिति न बनें। इसके लिए प्रशासन की तरफ से रूट डायवर्ट किया गया है। शहर से बहादुरगढ़ की तरफ आने वाले वाहनों को कैमलगढ़ मोड से डायवर्ट किया जाएगा। उसी प्रकार बहादुरगढ़ से आने वाले वाहनों को बादली रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।
मतदाताओं की सूची
पुरुष - 438340
महिला - 380309
थर्ड जेंडर - 13
युवा मतदाता-17861
85 वर्ष की उम्र से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या-12219
100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या-420 है।
ओवरसीस मतदाताओं की संख्या-13
पोलिंग बूथ
बहादुरगढ़ - 225
बादली -198
झज्जर - 188
बेरी - 186
यह भी जानिये
-जिले में कुल 797 पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
-जिले में केवल बहादुरगढ़ रोड पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट होगा। शहर से बहादुरगढ़ रोड पर जाने वाले वाहनों को कमलगढ़ मोड और बहादुरगढ़ से आन वाले वाहनों को बादली रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।
-जिला पुलिस हेल्पलाइन नंबर- 112 एवं 677
-जिला प्रशासन हेल्पलाइन नंबर-1950
-जिला एंबुलेंस सेवा-112
-मतदान केंद्र में बीएलओ को मेडिकल किट दी गई हैं।
निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। आम जनता चुनाव के पर्व में बढ़-चढक़र हिस्सा लें व भयमुक्त माहौल में मतदान करें।
शक्ति सिंह, डीसी, झज्जर