ग्वालीशन रोड पर अल सुबह घटना स्थल पर मौजूद पुलिस व वाहनों चालक। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। ग्वालीसन रोड पर आरईडी स्कूल के पास वीरवार सुबह एक ट्राले और दो ट्रकों में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्राला सड़क के बीचों-बीच आ गया। उसका अगला हिस्सा सड़क के साथ गड्ढों में उतर गया। टक्कर में एक ट्रक का चालक करीब 2 घंटे तक केबिन में फंसा रहा। क्रेनों की सहायता से चालक को केबिन से बाहर निकाला और उसे एंबुलेंस की सहायता से सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यशदर्शियों बताया कि क्रैशर से भरा ट्राला सड़क पर खड़ा था। उसको पीछे से एक डंपर ने टक्कर बार दी, जिससे ट्राला सड़क के बीचों बीच आ गया। इस दौरान ओवरटेक कर रहा सीमेंट से भरा ट्रक उससे जा टकराया, जिसका चालक दयाराम उसके केबिन में फंस गया। चालक का पैर ट्रक के केबिन में फंस गया था। करीब 2 घंटे तक वह दर्द से करहाता रहा। दोनों गाड़ियां भरी होने की वजह से चालक को काफी प्रयासों के बाद केबिन को क्रेन से खींचकर चालक को बाहर निकाला गया। इस बीच राहगीर व अन्य चालक ट्रकों के रॉड की सहायता व ट्रक को डंपर जोड़कर पीछे खींच कर निकालने के प्रयास करते रहे, लेकिन उनके सभी प्रयास फेल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन बुलाई और उसके बाद केबिन को खींचकर चालक को बाहर निकाला गया।
- 4 घंटे तक लगा रहा जाम
सुबह करीब साढे़ पांच बजे हुई दुर्घटना के बाद चार घंटे तक जाम लगा रहा। जेसीबी मशीन की सहायता से क्रैशर से भरे ट्राले को खाली करवाया गया। उसके बाद ट्राले को क्रेनों की सहायता से सड़क के बीच से हटाया गया। जिस ट्रक में चालक दयाराम फंसा हुआ था वह भी सीमेंट के कट्टों से लदा हुआ था। क्रेनों की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू करवाया गया।
- वाहनों को दूसरे रास्ते किया डायवर्ट
घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना प्रभारी राजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाईपास चौक से और छुछकवास चौक से वाहनों को खेड़ी कुमार के रास्ते डायवर्ट करवाया और दो क्रेन मौके पर बुलाकर वाहनों को सड़क से हटवाया। उसके बाद ही यातायात व्यवस्था सुचारू हो पाई सड़क के बीच वाहन फंसे होने की वजह से यहां से गुजरने वाले वाहनों के कारण लंबी लाइनें लग गई थी और करीब चार घंटे तक भारी वाहन चालकों को जाम में फंसे रहने पर मजबूर होना पड़ा।
इस मामले में किसी भी वाहन चालक की तरफ से फिलहाल तक मामला दर्ज नहीं कराया गया है। अगर कोई शिकायत आई तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश कुमार, सदर पुलिस थाना प्रभारी, झज्जर।